छतरपुर जिले के बड़ा मलहरा क्षेत्र में आयोजित संत रविदास महाराज मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का एक बयान सुर्खियों में आ गया है। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने प्रशासन और पुलिस विभाग पर तीखा हमला बोला और निष्पक्ष कार्य करने की नसीहत दी।अपने भाषण के दौरान पटवारी ने मंच से ही बमनौरा थाना प्रभारी शिशिर तिवारी को संबोधित करते हुए उनसे उनके थाने की जानकारी ली। जवाब मिलने पर उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि यदि पुलिस भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं या कार्यकर्ताओं के दबाव में आकर गरीबों पर किसी प्रकार का अत्याचार करती है, तो आने वाले समय में जनता इसका कड़ा जवाब देगी।
पटवारी ने चेतावनी देते हुए कहा , “याद रखना, यही गरीब 3 साल बाद ऐसा सबक सिखाएंगे कि याद रखोगे।” उनके इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच हलचल देखी गई और यह मामला चर्चा का विषय बन गया।उन्होंने अपने संबोधन में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष और निष्कलंक तरीके से काम करने की बात कही। अपने भाषण के अंत में उन्होंने “भारत माता की जय” का नारा भी लगाया।


