MP में वन्यजीवों को मिलेगा ‘वनतारा’ जैसा सहारा: हर संभाग में बनेंगे अत्याधुनिक रेस्क्यू सेंटर

भोपाल, मध्य प्रदेश: मध्य प्रदेश के जंगल, जो अपनी समृद्ध वन्यजीव संपदा के लिए जाने जाते हैं, अब वन्यजीवों के लिए और भी सुरक्षित ठिकाना बनने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने घोषणा की है कि प्रदेश के सभी संभागों में अत्याधुनिक वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर स्थापित किए जाएंगे।

यह पहल गुजरात के जामनगर स्थित ‘वनतारा’ में वन्यजीव संरक्षण और पुनर्वासन के नवाचार आधारित प्रयासों से प्रेरित है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बताया कि ‘वनतारा’ का अवलोकन कर वहां वन्यजीवों के संरक्षण और पुनर्वासन के लिए किए जा रहे प्रेरणादायक और अनुकरणीय प्रयासों को समझा गया है।

इन्हीं प्रयासों की तर्ज पर मध्य प्रदेश में भी वन्यजीवों के लिए अधिक सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा।इन नए रेस्क्यू सेंटरों से घायल, बीमार या फंसे हुए वन्यजीवों को तुरंत मदद मिल पाएगी। ये केंद्र आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे, जहां वन्यजीवों को बेहतर इलाज और पुनर्वास की सुविधा मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की कि वन्यजीवों के कल्याण के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है, जो प्रदेश की वन संपदा को सुरक्षित रखने में मील का पत्थर साबित होगा।यह पहल मध्य प्रदेश को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में एक अग्रणी राज्य के रूप में स्थापित करेगी, जिससे प्रदेश के अनमोल वन्यजीवों का भविष्य और उज्जवल हो सकेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here