गोरखपुर एक्सप्रेस से महिला रहस्यमयी ढंग से लापता, सूटकेस समेत गायब; GRP-RPF जांच में जुटी

गोरखपुर एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 19489) में उस समय हड़कंप मच गया, जब 27 और 28 जून की दरमियानी रात एक महिला यात्री रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई। घटना दमोह, सागर और कटनी रेलखंड के बीच की बताई जा रही है। महिला के साथ उसका सूटकेस भी गायब है, जिससे मामला और रहस्यमय हो गया है। परिजनों ने किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए रेलवे पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। मामले की शिकायत कटनी जीआरपी में दर्ज कराई गई है।

कटनी जीआरपी थाना प्रभारी अनिल मरावी ने बताया कि लापता महिला के परिजन आवेदन लेकर थाने पहुंचे थे। परिजनों के अनुसार, अंजली यादव अपने पिता अशोक यादव के साथ गोरखपुर से अहमदाबाद जा रही थीं। दोनों ने 27 जून को गोरखपुर एक्सप्रेस के एसी कोच बी-1 की बर्थ नंबर 41 पर यात्रा शुरू की थी।

महिला के भाई चन्द्रभूषण (अंकित) यादव ने बताया कि 28 जून की रात करीब 2 से 4 बजे के बीच, जब ट्रेन कटनी, दमोह और सागर के बीच चल रही थी, तभी अंजली अचानक अपनी बर्थ से लापता हो गईं। जब पिता की नींद खुली तो बेटी को बर्थ पर नहीं पाया। काफी तलाश के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर ट्रेन स्टाफ और सहयात्रियों को सूचना दी गई, जिससे ट्रेन में अफरा-तफरी मच गई।

परिजनों का कहना है कि अंजली का सूटकेस भी उसके साथ गायब है, जिससे किसी अनहोनी की आशंका और गहरा गई है। हालांकि उन्होंने यह संभावना भी जताई कि हो सकता है वह रात के समय किसी स्टेशन पर चाय या किसी अन्य कारण से नीचे उतरी हों और ट्रेन छूट गई हो।

घटना के बाद पिता अशोक यादव ने तत्काल मैहर रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी। कटनी जीआरपी ने मामले में जीरो पर गुमशुदगी दर्ज कर केस दमोह जीआरपी को स्थानांतरित कर दिया है। फिलहाल जीआरपी और आरपीएफ की टीमें संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और महिला की तलाश तेज कर दी गई है।

https://www.no2politics.com/wp-content/uploads/2026/06/705312.mp4

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here