(सांकेतिक फोटो)
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में कोराेना (Corona) अनकंट्रोल हो रहा है. कोरोना पर काबू के लिए सरकार अब सख्त कदम उठाने की तैयारी कर रही है. प्रदेश में नाईट कर्फ्यू के निर्देश जारी कर दिए गए हैं.
इधर सीएम भूपेश बघेल ने पूरे प्रदेश में नाइट कर्फ्यू लगाने के निर्देश दे दिए हैं. कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों पर अंकुश लगाने के लिए सीएम ने ये निर्देश दिए. सीएम के निर्देश के बाद देर शाम तक आदेश जारी किया जा सकता है. हालांकि कुछ दिन पहले ही बिलासपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल ने साफ किया था कि अब प्रदेश में लॉकडाउन नहीं लगाएंगे. क्योंकि इसका असर लोगों के जीवन व उनकी आर्थिक स्थिति पर बुरा पड़ रहा है. उन्होंने ये जरूर कहा था कि कोरोना संक्रमण पर अंकुश के लिए सरकार जरूरी कदम उठाएगी.
लगातार बढ़ रहे मामले
बता दें कि छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 1423 नए लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है. राज्य में इस वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 3,41,516 हो गई है. राज्य में सोमवार को 19 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है. वहीं, 400 लोगों ने गृह पृथक-वास पूर्ण किया है. राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित 18 मरीजों की मौत हुई है. राज्य के स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि आज संक्रमण के 1423 मामले आए हैं. इनमें रायपुर (Raipur) जिले से 442, दुर्ग से 509, राजनांदगांव से 73, बालोद से 25, बेमेतरा से 38, कबीरधाम से 11, धमतरी से पांच, बलौदाबाजार से 10, महासमुंद से 40, बिलासपुर से 95, रायगढ़ से सात, कोरबा से 13, मुंगेली से चार, गौरेला पेंड्रा मरवाही से पांच, सरगुजा से 56, कोरिया से छह, सूरजपुर से सात, बलरामपुर से नौ, जशपुर से 32, बस्तर से 18, कोंडागांव से एक, दंतेवाड़ा से एक और कांकेर से 16 मामले हैं.


