अफसरों के पहुंचते ही फूट-फूटकर रोने लगीं छात्राएं, पालकों ने दी नाम कटाने की धमकी, जानें बस्तर में क्या हुआ?

Last Updated:

Bastar News: बस्तर के बेसुली एजुकेशन हब में विवाद खड़ा हो गया है. कन्या छात्रावास की छात्राएं जिला शिक्षा अधिकारी के सामने फूट-फूट कर रोईं. वहां मौजूद नाराज पालकों ने भी अपने बच्चों की टीसी कटवाने और रायपुर में शिकायत करने की चेतावनी दी है.

बस्तर: अफसरों के पहुंचते ही रोने लगीं छात्राएं, पालकों ने दी नाम कटाने की धमकीZoom

स्कूल में रो रहीं छात्राओं को चुप करातीं शिक्षिकाएं.

Bastar News: बस्तर में बेहतर शिक्षा व्यवस्था को लेकर अब एक नया विवाद सामने आ गया है. जिस स्कूल में छात्राएं रहकर पढ़ाई कर रही थीं, वहां से अचानक उन्हें बाहर जाने का फरमान जारी कर दिया गया है. इस आदेश के बाद स्कूल परिसर में भारी विवाद खड़ा हो गया. जिले शिक्षा अधिकारी इस पूरे विवाद के बीच परिजनों से घिर गए.

इसलिए खड़ा हुआ विवाद
दरअसल, लोहण्डीगुड़ा के गढ़िया में संचालित एकलव्य विद्यालय की अस्थायी शिफ्टिंग भानपुरी के बेसुली एजुकेशन हब में की गई है. इस स्थानांतरण के कारण बेसुली एजुकेशन हब के कन्या छात्रावास में जगह की भारी कमी हो गई है. जगह की कमी होने की वजह से छात्राओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इसी समस्या को लेकर एकलव्य विद्यालय की छात्राओं और एजुकेशन हब के कन्या परिसर की छात्राओं के बीच आपसी विवाद उत्पन्न हो गया है.

डीईओ के पहुंचते ही रोने लगीं
इस तनावपूर्ण स्थिति की जानकारी मिलने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बलिराम बघेल मौके पर पहुंचे. उनके वहां पहुंचते ही कन्या परिसर की मासूम बच्चियां उनके सामने फूट-फूट कर रोने लगीं. अपने बच्चों को इस तरह रोता देख मौके पर मौजूद पालकों का गुस्सा भी भड़क गया. इसके बाद जिला शिक्षा अधिकारी और पालकों के बीच तीखी बहस और विवाद की स्थिति निर्मित हो गई. पालकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से इस शिफ्टिंग के आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द करने की मांग की है.

पहले से ही यहां थी दिक्कत
छात्राओं के पालकों ने बताया कि बेसुली एजुकेशन हब कन्या परिसर में पहले से ही व्यवस्थाओं की भारी कमी है. इसके बावजूद प्रशासन ने गढ़िया एकलव्य परिसर के बच्चों को यहां स्थानांतरित कर दिया है. प्रशासन की इस जल्दबाजी से बच्चों की पढ़ाई पूरी तरह प्रभावित हो रही है. साथ ही प्रशासन ने बच्चों के रहने के लिए कोई उचित वैकल्पिक व्यवस्था भी नहीं की है.

नहीं तो कटवा देंगे नाम
पालकों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि यहां से एकलव्य परिसर के बच्चों को जल्द ही नहीं हटाया गया, तो वे अपने सभी बच्चों का टीसी (स्थानांतरण प्रमाण पत्र) कटवाने के लिए मजबूर होंगे. साथ ही वे रायपुर पहुंचकर शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों से इस लापरवाही की शिकायत भी करेंगे.

छात्राओं को समझाया पर…
बताया जा रहा कि गढ़िया में स्थित एकलव्य विद्यालय के नए भवन का निर्माण कार्य अभी भी अधूरा है. इसी वजह से प्रशासन ने अस्थायी रूप से बेसुली एजुकेशन हब में कक्षा और छात्रावास की व्यवस्था की थी. मामला गंभीर होता देख ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (BEO), जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) और आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी भी तुरंत मौके पर पहुंचे. उन्होंने रोती छात्राओं को समझाने का काफी प्रयास किया.

अब सामने ये चुनौती
अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती ये कि एकलव्य विद्यालय के बच्चों के लिए रहने की जगह की व्यवस्था भी हो जाए और कन्या परिसर की छात्राओं को अपना छात्रावास भी न छोड़ना पड़े. इस विवाद से कन्या परिसर में पढ़ रहे करीब 150 से 200 बच्चों का भविष्य और व्यवस्थाएं प्रभावित हो रही हैं.

इस मामले पर बस्तर के जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बलिराम बघेल का कहना है कि पालकों की भावना है कि उनके बच्चों को किसी भी प्रकार की तकलीफ न हो. उनकी सभी बातों को गंभीरता से सुना जाएगा. इस पूरी वस्तुस्थिति से बस्तर कलेक्टर को अवगत कराया जाएगा और जल्द ही मामले को सुलझा लिया जाएगा.

About the Author

Rishi mishra

एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…

और पढ़ें


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here