जबलपुर: नौकरी, पढ़ाई और इलाज के लिए रोजाना आने-जाने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इटारसी से जबलपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों का इंतजार अब खत्म होने वाला है। भारतीय रेलवे ने इटारसी-मदन महल पैसेंजर ट्रेन को रोजाना चलाने की मंजूरी दे दी है। इस ट्रेन के शुरू होने से न सिर्फ इटारसी और जबलपुर के बीच यात्रा करने वाले लोगों को राहत मिलेगी, बल्कि रास्ते में आने वाले छोटे-बड़े शहरों और कस्बों के यात्रियों को भी बेहतर रेल सुविधा मिल सकेगी। खासतौर पर नौकरी, कॉलेज, इलाज, कारोबार और दूसरे जरूरी कामों के लिए रोजाना सफर करने वाले यात्रियों के लिए यह ट्रेन काफी अहम मानी जा रही है। ट्रेन के संचालन से नर्मदापुरम और जबलपुर क्षेत्र के कई स्टेशनों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी। अब यात्रियों को कम खर्च में रोजाना सफर का एक और सुविधाजनक विकल्प मिल सकेगा।आखिर क्या है समय : रेलवे के मुताबिक ट्रेन नंबर 51673 इटारसी-मदन महल पैसेंजर रोजाना इटारसी जंक्शन से सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर रवाना होगी। करीब 5 घंटे 5 मिनट का सफर तय करने के बाद ट्रेन शाम 4 बजकर 45 मिनट पर मदन महल स्टेशन पहुंचेगी। वहीं वापसी में ट्रेन नंबर 51674 मदन महल-इटारसी पैसेंजर शाम 5 बजकर 50 मिनट पर मदन महल से रवाना होगी और रात 10 बजकर 55 मिनट पर इटारसी जंक्शन पहुंचेगी।242 किलोमीटर का सफर, इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन : यह पैसेंजर ट्रेन इटारसी से मदन महल के बीच करीब 242 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। इस दौरान ट्रेन को कई महत्वपूर्ण स्टेशनों पर व्यावसायिक ठहराव दिया गया है। इनमें बागरा तवा, सोहागपुर, पिपरिया, बनखेड़ी, सालीचौका रोड, गाडरवारा, करेली, नरसिंहपुर और श्रीधाम शामिल हैं। इस ट्रेन के संचालन से खासतौर पर उन यात्रियों को फायदा होगा, जो रोजाना या अक्सर इन छोटे और मध्यम शहरों से इटारसी या जबलपुर की यात्रा करते हैं।नौकरी, पढ़ाई और इलाज के लिए आने-जाने वालों को फायदा : रेलवे के मुताबिक यह सेवा सिर्फ इटारसी और जबलपुर को जोड़ने वाली ट्रेन नहीं है, बल्कि पूरे जबलपुर-नर्मदापुरम क्षेत्र की क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को मजबूत करने वाली सेवा है। रोजाना ट्रेन मिलने से यात्रियों को रोजगार, शिक्षा, इलाज, व्यापार और धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी। खास बात यह है कि पैसेंजर ट्रेन को किफायती और सामान्य यात्रियों के लिए उपयोगी सेवा के तौर पर देखा जा रहा है। इससे मध्यम वर्ग, अनारक्षित श्रेणी के यात्रियों और कम दूरी की यात्रा करने वालों को सीधा फायदा मिलेगा।इटारसी जंक्शन मध्य प्रदेश का एक महत्वपूर्ण रेलवे जंक्शन है। ऐसे में मदन महल-जबलपुर क्षेत्र से इटारसी तक रोजाना रेल सुविधा मिलने से यात्रियों को देश के दूसरे हिस्सों की ओर जाने वाली ट्रेनों से भी कनेक्टिविटी मिल सकेगी। रेलवे का मानना है कि नई दैनिक पैसेंजर सेवा से यात्रियों को सस्ता, सुविधाजनक और नियमित परिवहन विकल्प मिलेगा और मध्य प्रदेश के इस महत्वपूर्ण रेल कॉरिडोर में क्षेत्रीय कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।


