ललितपुर। शासन ने स्वास्थ्य विभाग को कोरोना संक्रमण को नियंत्रण करने के निर्देश दिए हैं, जिसके चलते विभिन्न तैयारियां की जा रही हैं। लेकिन, जिले में लगभग एक माह से मॉस्क की कमी चल रही है। मांग होने के बाद भी बाजार में उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं।
कोरोना वाइरस को लेकर लोग मॉस्क से अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं, जिसे लेकर मेडिकल स्टोर पर मॉस्क खरीदने के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन जनपद में अधिकांश मेडिकल स्टोरों पर एक माह से अधिक समय बाद भी मॉस्क नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में मेडिकल स्टोरो पर प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में ग्राहक वापस जा रहे हैं। मॉस्क न मिलने की स्थिति में अधिकांश लोगों में कोरोना को लेकर भय का माहौल बना हुआ है। मेडिकल स्टोर संचालक का कहना है कि मॉस्क की मांग अधिक हो रही है। मॉस्क का आर्डर लगभग डेढ़ माह पहले बुक किया था, लेकिन तब से अब तक मॉस्क नहीं आ सके हैं। प्रतिदिन कई ग्राहक वापस जा रहे हैं।
कोरोना से बचाव के लिए मुंह पर लगाने के लिए मॉस्क का आर्डर दो माह से पूरा नहीं हो सका है। प्रतिदिन लगभग 10-15 फुटकर विक्रेता वापस जा रहे हैं।
– भगत सिंह, सिंह मेडिकल स्टोर थोक विक्रेता
मॉस्क लगाने की सभी को आवश्यकता नहीं है। संभावित मरीज और उसके संपर्क में आने वाले लोगों को, मरीज और उसका उपचार करने वाली टीम को मॉस्क लगाने की आवश्यकता होती है। सामान्य लोगों को मॉस्क की आवश्यकता नहीं है।
– डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी


