नर्मदापुरम- सागर में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद नर्मदापुरम पुलिस भी अवैध शराब के कारोबार पर लगातार शिकंजा कस रही है। इसी अभियान के तहत थाना देहात पुलिस ने चंदन नगर रसूलिया में कुख्यात निगरानी बदमाश प्रशांत तिवारी उर्फ टमंटू के घर दबिश देकर देशी और विदेशी शराब की 53 पेटियां जब्त की हैं। बरामद शराब की कुल मात्रा 464.20 लीटर है, जिसकी कीमत करीब 4 लाख 4 हजार 6 रुपये बताई गई है। पुलिस की कार्रवाई के दौरान आरोपी छत के रास्ते फरार हो गया।
मुखबिर से सूचना मिली थी कि प्रशांत तिवारी उर्फ टमंटू अपने मकान में बड़ी मात्रा में अवैध शराब रखे हुए है। सूचना मिलते ही थाना देहात पुलिस की टीम चंदन नगर रसूलिया स्थित उसके घर पहुंची। पुलिस को देखते ही आरोपी छत के रास्ते भाग निकला।
इसके बाद पुलिस ने मकान की तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान मकान के अंदर बने कमरों और बाथरूम में ताले लगे मिले। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में ताले खुलवाकर कमरों की जांच की, जहां अलग-अलग कंपनियों की देशी और विदेशी शराब की पेटियां रखी मिलीं। शराब के साथ पुलिस को दो मोबाइल फोन, दो वॉकी-टॉकी हैंडसेट और दो CCTV कैमरे भी मिले।
इसके अलावा कई दस्तावेज भी बरामद हुए हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्ती में लिया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक प्रशांत तिवारी उर्फ टमंटू निगरानी बदमाश है। उसके खिलाफ नर्मदापुरम के अलावा भोपाल और नरसिंहपुर में भी गंभीर अपराधों के मामले दर्ज हैं। नर्मदापुरम जिले में उसके खिलाफ 30 प्रकरण दर्ज हैं। मामले में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है।


