रायपुर. छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रहे ऑनलाइन ठगी का मामला विधानसभा में भी उठा. विधानसभा के बजट सत्र के दूसरे दिन मंगलवार को विधायक अजय चंद्राकर और रंजना डीपेन्द्र साहू ने प्रदेश में बढ़ती ऑनलाइन ठगी के मामले में गृहमंत्री का ध्यान आकर्षित किया. धमतरी विधायक रंजना डीपेन्द्र साहू ने कहा – ऑनलाइन गिफ्ट, दोस्ती और प्रेमजाल में फंसाकर ठगी की जा रही है. उन्होंने सदन में प्रदेशभर के कई ऑनलाइन ठगी के मामलों का सदन में उल्लेख करते हुए कहा कि साइबर ठगी को रोकने सरकार की ओर से कोई प्रयास नहीं किया जा रहा.
बीजेपी की महिला विधायक के आरोप के जवाब में प्रदेश के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने कहा कि- साइबर अपराध के मामलों में विभाग संवेदनशील है. पुलिस विभाग द्वारा लगातार जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. बिलासपुर, दुर्ग और रायपुर में एंटी क्राइम और साइबर यूनिट का गठन किया है. साइबर मामलों को रोकने के लिए पुलिस को प्रशिक्षित किया जा रहा है. शिकायतों पर विधिअनुरूप कार्रवाई की जा रही है. सायबर अपराधी देशभर में इस प्रकार के अपराध कर रहे हैं. उल्लेखित मामलों में 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है. अन्य मामलों में चालान प्रस्तुत किया गया है. साइबर ठग को रोकने के लिए व्यापक स्तर पर जन जागरुकता अभियान चलाया जा रहा है. 2 करोड़ 45 लाख रुपए सायबर ठगों तक पहुंचने से पहले रोका गया है.
प्रदेश में 3 सायबर सेल ही क्यों?
गृहमंत्री के जवाब पर बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने कहा – जो अपराध अभी बताये गये वो प्रदेशभर से हैं, लेकिन आपने प्रदेश में केवल 3 साइबर सेल खोले हैं. उनको क्या सुविधाएं दी गयी. क्या सेटअप है और क्या कोई टोल फ्री नंबर जारी किया गया. कार्यकाल से अब तक आपकी जानकारी में कितनी शिकायतें अब तक आई है और केवल 24 मामलों में ही कार्रवाई क्यों की गई है. इसपर गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने जवाब देते हुए सदन में कहा कि -हेल्पलाइन नंबर के माध्यम से दो करोड़ 45 लाख रुपए ठगी से रोकने में सफलता हासिल की. ट्विटर और फेसबुक पर साइबर मितान के माध्यम से लगातार जागरूकता का काम किया जा रहा है. 20 नवीन पदों का सृजन किया गया. बेहतर व्यवस्था के लिए केंद्र सरकार से 3 करोड़ 65 लाख की मांग की गई है. वहीं साइबर भवन के लिए 2 करोड़ 75 लाख स्वीकृत किया गया है.
आपके शहर से (रायपुर)
यूपी विधानसभा चुनाव 2022, ब्रेकिंग हिंदी न्यूज़, लाइव न्यूज अपडेट सबसे पहले News18 India पर। आज की ताजा खबरें, विश्लेषण, पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव की खबरें पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी पर |
Tags: Raipur news
Source link













