- महाराष्ट्र में एक दिन में 2347 कोरोना केस का रिकॉर्ड
- राजस्थान में पहली बार 300 के आंकड़े को पार किया
कोरोना संकट की वजह से देश में लगे लॉकडाउन के तीन चरण पूरे होने के बाद इसके चौथे चरण के पहले ही दिन महाराष्ट्र में 2 हजार से ज्यादा केस सामने आए तो राजस्थान में एक दिन में इस महामारी के सबसे ज्यादा मामले सामने आने का रिकॉर्ड बन गया. महाराष्ट्र ने कोरोना के बढ़ते मामले को देखते हुए राज्य सरकार ने अपने राज्य में किसी तरह की छूट नहीं देने का फैसला लिया है.
देश में कोरोना महामारी से सबसे ज्यादा प्रभावित राज्य है महाराष्ट्र. महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 2,033 मामले सामने आ गए. पिछले 24 घंटे में 2 हजार से ज्यादा कोरोना के मामले सामने आने के साथ ही 51 लोगों की मौत भी हो गई.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
मुंबई में 1,185 नए केस
इस तरह से महाराष्ट्र में कोरोना संक्रमण के मामले 35 हजार को पार कर गया है जबकि राज्य में कुल 1,249 लोगों की मौत हो चुकी है. राज्य में 35,058 केस सामने आ चुके हैं जिसमें 25,392 एक्टिव केस हैं.
वहीं मुंबई की बात करें तो आज सोमवार को अकेले 1,185 कोरोना केस सामने आए तो 23 लोगों की मौत हो गई. बृहन्मुंबई महानगरपालिका के मुताबिक मुंबई में अब तक 21,152 केस सामने आए हैं जिसमें 757 की मौत हो चुकी है.
इसे भी पढ़ें— महाराष्ट्र: कोरोना संक्रमण ने तोड़े रिकॉर्ड, एक दिन में आए 2347 पॉजिटिव केस
महाराष्ट्र में 24 घंटों में सबसे ज्यादा कोरोना संक्रमण का रिकॉर्ड रविवार को बना. रविवार को कोरोना वायरस से संक्रमण के रिकॉर्ड 2,347 नए केस सामने आए. इससे राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 33,053 हो गई थी. जबकि पिछले 24 घंटे में 63 मरीजों ने दम तोड़ा.
राजस्थान में 55 सौ से ज्यादा केस
महाराष्ट्र की तरह राजस्थान की बात करें तो राज्य में एक दिन में कोरोना के सबसे ज्यादा केस पिछले 24 घंटे में सामने आए हैं. पिछले 24 घंटे में 300 से ज्यादा पॉजिटिव केस सामने आए हैं. सोमवार को राज्य में कुल 305 कोरोना केस दर्ज किया गया है. राज्य से स्वास्थ्य विभाग की ओर से जानकारी दी गई कि राजस्थान में अब कोरोना के कुल 5507 केस सामने आ चुके हैं जिसमें 2151 एक्टिव केस हैं और 138 लोगों की मौत हो चुकी है.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
प्रदेश में सोमवार को 305 कोरोना वायरस के मामले सामने आए हैं. यह अब तक के राजस्थान के एक दिन के सर्वाधिक मामले हैं. इनमें से सबसे ज्यादा, 64 मामले डूंगरपुर से और 47 मामले प्रदेश की राजधानी जयपुर से सामने आए हैं. इसके अलावा जोधपुर से 35, भीलवाड़ा से 25, जालौर से 25, उदयपुर से 21, जैसलमेर से 12, बाड़मेर से 11 और राजसमंद से 10 मामले सामने आए हैं.