कोविड-19 संक्रमण को पूर्ण रूप से समाप्त करने क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्य निभायें महत्वपूर्ण भूमिका


कोविड-19 संक्रमण को पूर्ण रूप से समाप्त करने क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्य निभायें महत्वपूर्ण भूमिका


ऊर्जा मंत्री श्री तोमर एवं क्षेत्रीय सांसद श्री शेजवलकर ने गूगल मीट के माध्यम से क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों से की चर्चा 


भोपाल : शुक्रवार, मई 21, 2021, 21:45 IST

कोविड-19 की पॉजिटिविटी दर कम हुई है, इसे शून्य तक लाने के लिये हम सबको अभी और तेजी के साथ प्रयास करने की आवश्यकता है। सभी के सहयोग और जन-जागृति के माध्यम से ही कोरोना को समाप्त किया जा सकता है।  ऊर्जा मंत्री एवं कोविड के लिये जिले के प्रभारी मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर एवं क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने शुक्रवार को बाल भवन ग्वालियर में गूगल मीट के माध्यम से वार्ड स्तरीय क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों से चर्चा करते हुए यह बात कही।

गूगल मीट में प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री भारत सिंह कुशवाह, नगर निगम आयुक्त श्री शिवम वर्मा एवं विधानसभा ग्वालियर, ग्वालियर पूर्व एवं ग्वालियर दक्षिण के सभी वार्डों में गठित क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यगण शामिल हुए। 

ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि कोविड की इस महामारी के दौर में शासन-प्रशासन के साथ-साथ आम जनों की सहभागिता से हम कोविड की पॉजिटिविटी दर को कम करने में कामयाब हुए हैं। इसे पूर्ण रूप से समाप्त करने के लिये अभी और प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने कहा कि अभी हमें निश्चिंत होने की आवश्यकता नहीं है। कोविड संक्रमण की रोकथाम के लिये लगाए गए जनता कर्फ्यू का सख्ती से पालन आवश्यक है। 

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने यह भी कहा कि केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा कोरोना की रोकथाम के साथ-साथ लोगों को आवश्यक मदद करने का कार्य भी कर रही है। जरूरतमंदों को पाँच माह का नि:शुल्क खाद्यान्न मुहैया कराया जा रहा है। इसके साथ ही आयुष्मान कार्ड के माध्यम से नि:शुल्क चिकित्सकीय सुविधायें उपलब्ध कराई गई हैं।  मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा भी कोरोना के कारण मृत्यु होने पर एक लाख रूपए की राशि देने की स्वीकृति दी गई है। इसके साथ ही ऐसे परिवार जिनके अभिभावक कोरोना के कारण नहीं रहे हैं उनके बच्चों के लिये 5 हजार रूपए की पेंशन, नि:शुल्क खाद्यान्न और शिक्षा की व्यवस्था भी सरकार द्वारा करने का निर्णय लिया गया है। 

ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों से आग्रह किया कि वे जहां भी रहते हैं वहां आस-पास के लोगों को जागरूक करने का कार्य करें। इसके साथ ही नगर निगम के माध्यम से सभी जनमित्र केन्द्रों पर कोविड सहायता केन्द्र प्रारंभ किए गए हैं। यहां पर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ-साथ दवाओं का वितरण भी किया जा रहा है। जनमित्र केन्द्र के माध्यम से नि:शुल्क राशन के लिये अस्थायी पात्रता पर्ची का प्रदाय भी किया जा रहा है। मंत्री श्री तोमर ने कहा कि सभी पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ मिले, इसके लिये शासकीय अस्पतालों के साथ-साथ शहर में 14 केन्द्र स्थापित कर कार्ड बनाने का कार्य किया जा रहा है। सभी पात्र लोगों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराने की दिशा में भी हम सबको प्रयास करना चाहिए। 

आम नागरिकों की सहभागिता जरूरी

प्रदेश के उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण राज्य मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने भी कहा कि सरकार और प्रशासन के माध्यम से कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये प्रबंध किए जा रहे हैं। आम नागरिकों की सहभागिता संक्रमण की कमी के लिये जरूरी है। ग्वालियर जिले में कोरोना कर्फ्यू के माध्यम से कोविड-19 की चैन तोड़ने का अच्छा कार्य हुआ है। हमारे यहां पॉजिटिविटी दर कम भी हुई है।  30 मई तक हम सबको लॉकडाउन का सख्ती से पालन करना चाहिए, ताकि ग्वालियर को कोरोना से मुक्ति मिल सके। 

मंत्री श्री भारत सिंह कुशवाह ने क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सभी सदस्यों से यह भी आह्वान किया कि वे अपने-अपने वार्ड में लोगों को टीकाकरण के लिये भी प्रेरित करें। अनावश्यक रूप से लोग बाहर न निकलें और घर से बाहर निकलते समय मास्क अनिवार्यत: पहनें और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करें। जिन लोगों को भी कोविड के लक्षण दिखते हैं वे तत्काल अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराकर दवा लेना प्रारंभ करें। 

कोविड-19 की रोकथाम के लिये टीकाकरण जरूरी

क्षेत्रीय सांसद श्री विवेक नारायण शेजवलकर ने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण को समाप्त करने का सबसे सशक्त माध्यम टीकाकरण ही है। केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार के माध्यम से चरणबद्ध तरीके से टीकाकरण का कार्य कराया जा रहा है। हमारे जिले का हर नागरिक टीकाकरण अवश्य कराए ताकि हम कोरोना से पूरी तरह से मुक्त हो सकें। उन्होंने यह भी कहा कि वार्ड स्तर पर गठित क्राइसिस मैनेजमेंट समिति के सदस्यों की इस महामारी के दौर में महत्वपूर्ण भूमिका है। हम सब अपनी भूमिका को समझें और उसे पूरी निष्ठा के साथ निभाएं भी। हम सभी के प्रयास से ही कोरोना संक्रमण न केवल जिले, प्रदेश बल्कि देश से भी समाप्त होगा।

गूगल मीट के माध्यम से चर्चा के दौरान समिति के सदस्यों ने भी अपने महत्वपूर्ण सुझाव रखे। सभी के सुझावों को सुनने के पश्चात ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने आश्वस्त किया कि जो महत्वपूर्ण सुझाव आए हैं उन पर अमल शीघ्र प्रारंभ किया जायेगा। 


राजेश पाण्डेय/मधु सोलापुरकर


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here