खाद्य सुरक्षा विभाग ने “ईट राइट इंडिया” अभियान चलाकर किया छात्रों को जागरूक – Bundelkhand News


Food Safety Department makes students aware by running “Eat Right India” campaign

शासन के निर्देश पर जनपद झाँसी में छात्रों को “ईट राइट इंडिया” अभियान के तहत सुरक्षित और पौष्टिक खाद्य के सम्बन्ध में जागरूक किया जा रहा है, जिसके तहत खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा आज नगर के गोन्दू कंपाउंड स्थित शिवाय कान्वेंट स्कूल और पैरामेडिकल के पास शिक्षक इंटर कॉलेज में छात्र और छात्राओं को सुरक्षित और पौष्टिक खाद्य के विषय में जानकारी दी गयी।

सुरक्षित और पौष्टिक खाद्य के विषय में बताते हुए उन्हें जंक फूड के दुष्प्रभावों की भी जानकारी दी गयी। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा चलाये जा रहे ईट राइट इंडिया जागरूकता अभियान से बच्चे ही नहीं बल्कि स्कूल के अध्यापक भी काफी प्रसन्न दिखे।

शिक्षक इंटर कॉलेज के प्रधानाध्यापक भारत राव ने कहा कि जंक फूड, पौष्टिक खान-पान, पैकेट बन्द खाद्य के सम्बन्ध में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम द्वारा जो जानकारी दी गयी, वो केवल बच्चों के लिए ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य के दृष्टि से सभी के लिए ज्ञानवर्धक है जबकि हम अनजाने में ही गलत खान पान का शिकार होते जा रहे हैं। विभाग द्वारा जागरूक किये जाने के बाद निस्संदेह बच्चे ही नहीं बल्कि सभी की खान पान की आदतों में सुधार होना तय है। इस अवसर पर अभिहीत अधिकारी ने बच्चों को जंक फूड न खाने, खाना बर्बाद न करने और पॉलिथीन व प्लास्टिक उत्पाद का प्रयोग न करने की शपथ दिलाई।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह और खाद्य सुरक्षा अधिकारी रवींद्र सिंह परमार ने पैकेट बंद फ़ूड के विषय में विस्तार से समझाया। इस अवसर पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिव्या त्रिपाठी ने बच्चों से क्विज में कई रोचक प्रश्न भी किये जिनका सही उत्तर देने पर शिक्षक इंटर कॉलेज में ज्योति शिवहरे और हृदयेश शिवहरे को मिस और मिस्टर सेहतमन्द का पुरस्कार देकर स्कूल में ईट राइट इंडिया कैंपेन का ब्रैंड लीडर बनाया गया। शिवाय कान्वेंट स्कूल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी आजाद कुमार ने प्रोजेक्टर पर छोटी छोटी फ़िल्म दिखाकर बच्चों को जागरूक किया। यहां मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी नरेंद्र सिंह ने बच्चों को खाने में नमक, चीनी व तेल कम खाने की शपथ दिलाई।

अभिहीत अधिकारी राजेश द्विवेदी ने बताया कि शासन स्तर से 4 से 14 नवंबर तक सभी जनपदों में छात्र व छात्राओं को सुरक्षित व पौष्टिक खाद्य के प्रति जागरूक करने और जंक फूड के दुष्परिणाम बताने के लिए विभिन्न स्कूलों में ईट राइट इंडिया अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, जिसके तहत जनपद के 21 विद्यालय चिन्हित किये गए हैं जहां 14 नवंबर तक इस अभियान के तहत जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे किन्तु किसी भी विद्यालय प्रबंध समिति द्वारा रुचि प्रकट करने पर इसके बाद भी विभाग द्वारा सुरक्षित और पौष्टिक खाद्य के सम्बन्ध में विस्तार से जागरूक किया जाएगा।

छात्रों और अध्यापकों को इससे होने वाले लाभ को देखते हुए इस कार्यक्रम को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग की इस टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद यादव, कपिल गुप्ता, बिजय बहादुर, जितेंद्र सिंह और दीपक कुमार भी शामिल रहे।




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here