- शंकर सिंह वाघेला ठीक होकर घर लौटे
- पिछले महीने पाए गए थे कोरोना पॉजिटिव
कोरोना वायरस के मामले देश में काफी तेजी से बढ़ रहे हैं. विश्व के कोरोना प्रभावित देशों की सूची में भारत तीसरे स्थान पर आ गया है लेकिन एक सच यह भी है कि भारत में रिकवरी रेट काफी बेहतर है. सभी उम्र के लोग कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद ठीक होकर वापस लौटे.
गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री शंकर सिंह वाघेला, जिनकी उम्र 80 साल है, सोमवार को कोरोना से ठीक होकर घर वापस लौट रहे हैं. सोमवार दोपहर उनकी कोरोना रिपोर्ट निगेटिव आई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया.
पिछले महीने 28 जून को शंकर सिंह वाघेला की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी. उन्हें दो-तीन दिनों से बुखार की शिकायत थी. जिसके बाद उनका कोरोना टेस्ट करवाया गया और रिपोर्ट पॉजिटिव आई. रिपोर्ट आने के बाद उन्हें कुछ दिन होम क्वारनटीन में ही रखा गया था.
दो दिन बाद उन्हें एहतियातन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर उनका हाल जाना था. वाघेला, अपने समर्थकों के बीच ‘बापू’ के नाम से मशहूर हैं. 1996 में वे गुजरात के मुख्यमंत्री रह चुके हैं.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
भारत में कोविड-19 के मामले सात लाख के करीब
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक सोमवार को देश में कोविड-19 के 24,248 मामले सामने आए. इसके साथ ही भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण के कुल मामलों की संख्या सात लाख के करीब पहुंच गई है. वहीं बीते 24 घंटे में 425 लोगों की मौत हुई है, जिसके बाद मरने वालों की कुल संख्या 19,693 हो गई है.
सोमवार को लगातार चौथे दिन कोरोना वायरस संक्रमण के बीस हजार से अधिक मामले सामने आए हैं. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, एक दिन में कोविड-19 के 24,248 मामले सामने आए जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 6,97,413 हो गई. हालांकि अब तक देश में 4,24,432 मरीज उपचार के बाद ठीक हो चुके हैं और 2,53,287 मरीजों का इलाज चल रहा है.
मंत्रालय के मुताबिक, अब तक 60.85 प्रतिशत मरीज ठीक हो चुके हैं. भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान संस्थान (आईसीएमआर) के अनुसार पांच जुलाई तक देश में 99,69,662 नमूनों की जांच की जा चुकी है. इनमें से 1,80,596 नमूनों की जांच रविवार को की गई.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
अब तक कोविड-19 से हुई कुल 19,693 मौत में से महाराष्ट्र में सर्वाधिक 8,822 मरीजों की मौत हुई. दिल्ली में अब तक कोविड-19 के 3,067 मरीजों की मौत हो चुकी है. गुजरात में 1,943, तमिलनाडु में 1,510, उत्तर प्रदेश में 785, पश्चिम बंगाल में 757, मध्य प्रदेश में 608, राजस्थान में 456 और कर्नाटक में 372 मरीजों की मौत हो चुकी है.

