कोरबा. छत्तीसगढ़ के खाद्य मंत्री अमरजीत भगत के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ गई. इस हेलिकॉप्टर से मंत्री अमरजीत भगत अंबिकापुर जाने के लिए निकले थे. लेकिन अचानक खराब हुए मौसम और ईंधन की कमी की वजह से पायलट ने जोखिम उठाया और इमरजेंसी लैंडिंग कराई. पायलट ने कोरबा के बालको क्षेत्र के रूमगरा स्थित एयर स्ट्रिप में यह इमरजेंसी लैंडिंग कराई. मंत्री के हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग की खबर लगते ही कोरबा जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया.
सोमवार को खाद्य मंत्री अमरजीत भगत को लेकर हेलिकॉप्टर रायपुर से अंबिकापुर के लिए उड़ा था. लेकिन कोरबा पहुंचते ही अचानक मौसम में आई खराबी की वजह से पायलट को बालको क्षेत्र के रूमगरा स्थित एयर स्ट्रिप में इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी. इमरजेंसी लैंडिंग के बाद अमरजीत भगत थोड़ी देर के लिए बालको विश्राम गृह में रुके. मंत्री के हेलिकॉप्टर की एमरजेंसी लैंडिंग की खबर लगते ही प्रशासनिक अधिकारी एयर स्ट्रिप पहुंचे. वहीं राजस्व मंत्री जय सिंह अग्रवाल, कटघोरा विधायक पुरषोत्तम कंवर, पाली-तानाखार विधायक मोहित राम केरकेट्टा सहित कई जनप्रतिनिधि वहां पहुंचे. कुछ देर रुकने के बाद मौसम साफ होने पर अमरजीत भगत अपने हेलिकॉप्टर से रायपुर लौट गए.
एयर स्ट्रिप में मीडिया से बातचीत में अमरजीत भगत ने प्रदेशवासियों को विश्व आदिवासी दिवस की बधाई दी. उन्होंने कहा कि पूरी दुनिया के लोग आज के दिन को अपनी सभ्यता, संस्कृति को संरक्षित करने के रूप में याद कर रहे हैं. खास कर छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज के लोग 9 अगस्त को सरकारी छुट्टी के लिए संघर्ष करते रहे. पिछली सरकार में उनकी मांग पूरी नहीं हुई. लेकिन जैसे ही कांग्रेस की सरकार आई तो मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बिना मांगे 9 अगस्त को छुट्टी घोषित की. धान खरीदी केन्द्रों में धान के जाम होने के सवाल पर केंद्र सरकार पर आरोप लगते हुए कहा कि अनुमति देने में विलंब के कारण यह स्थिति बन रही है. छत्तीसगढ़ में 92 लाख मीट्रिक टन धान की खरीदी हुई थी.
पढ़ें Hindi News ऑनलाइन और देखें Live TV News18 हिंदी की वेबसाइट पर. जानिए देश-विदेश और अपने प्रदेश, बॉलीवुड, खेल जगत, बिज़नेस से जुड़ी News in Hindi.
Source link


