छत्तीसगढ़ में कोरोना संक्रमण से ग्रसित कुल 20 हजार से अधिक मरीज अब तक मिल चुके हैं.
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) में पहला ऐसा मामला सामाने आया है, जिसमें कोरोना वायरस (Corona Virus) के संक्रमण से बीमार किसी डॉक्टर (Doctor) की मौत हुई है.
छत्तीसगढ़ में कोरोना वायरस के खिलाफ जंग लड़ रहे युवा डॉक्टर रमेश ठाकुर (Dr. Ramesh Thakur) खुद कोविड-19 से संक्रमित हो गए थे. संक्रमण के कारण उनकी मौत बीते शनिवार को हो गई. इसके अलावा जगदलपुर डिमरापाल मेडिकल कालेज में इलाज के दौरान एक सीआरपीएफ जवान की मौत हो गई है. कुछ दिनों पहले ही सीआरपीएफ जवान को कोविड—19 की रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था. दंतेवाड़ा बीजापुर की सीमा पर जवान पदस्थ था. मृतक जवान पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद का था रहने वाला था. परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है. डॉक्टर रमेश ठाकुर की मौत पर राज्य के स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने एक वीडियो मैसेज ट्विटर पर शेयर किया है.
आज हमारे प्रदेश ने कोरोना की जंग में डॉ रमेश ठाकुर के रूप में अपना एक युवा डॉक्टर और कोरोना योद्धा खो दिया है।उनके बलिदान से ह्रदय को गहरा दुःख पहुँचा है, ईश्वर उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान एवं शोकाकुल परिजनों को धैर्य प्रदान करें। pic.twitter.com/mu705S2taM
— TS Singh Deo (@TS_SinghDeo) August 22, 2020
अब तक 190 मौतें
छत्तीसगढ़ में बीते शनिवार को देर रात जारी कोरोना मीडिया बुलेटिन के अनुसार 22 अगस्त को प्रदेश में संक्रमण के कुल 704 नये केस मिले. इनको मिलाकर प्रदेश में अब तक कोविड—19 की बीमारी से ग्रसित 20 हजार 214 कुल मरीज मिल चुके हैं. शनिवार को ही डॉक्टर व सीआरपीएफ जवान सहित 10 मरीजों की मौत हो गई. राज्य में कोरोना संक्रमण से ग्रसित अबतक कुल 190 लोगों की मौत की पुष्टि सरकार ने की है. संक्रमण से ग्रसित 12 हजार 394 लोग ठीक हो चुके हैं.


