प्रणब मुखर्जी का निधन.
प्रणब मुखर्जी ((Pranab Mukherjee) 26 जुलाई 2014 को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के स्वर्ण जयंती दीक्षांत समारोह में शामिल होने छत्तीसगढ़ आए थे.
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की यादें छत्तीसगढ़ से भी जुड़ी हुई हैं. उन्होंने साल 2007 में विदेश मंत्री रहते हुए राजधानी रायपुर में नवीन पासपोर्ट कार्यालय का उद्घाटन किया था. राष्ट्रपति के पद पर रहते हुए साल 2012 में 6 और 7 नवम्बर 2012 को दो दिवसीय यात्रा के दौरान राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होने वे छत्तीसगढ़ आए थे. इस दौरान उन्होंने नए मंत्रालय परिसर का उद्घाटन, स्वामी विवेकानन्द हवाई अड्डा रायपुर में नए एकीकृत टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था. प्रणब मुखर्जी अपनी इस यात्रा के दौरान छत्तीसगढ़ के आदिवासी बहुल जिला नारायणपुर में जनजाति कल्याण विभाग के 500 सीटर छात्रावास और रामकृष्ण मिशन आश्रम के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान के भवन की आधारशिला रखी थी. प्रणब मुखर्जी 26 जुलाई 2014 को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय रायपुर के स्वर्ण जयंती दीक्षांत समारोह और 17 अप्रैल 2015 को भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) रायपुर के चतुर्थ दीक्षांत समारोह में भी शामिल हुए थे.
ये भी पढ़ें: बेफिक्र होकर अभ्यर्थी देंगे JEE Main-NEET 2020 Exam , गहलोत सरकार ने लिया ये बड़ा फैसला
छत्तीसगढ़ में राजकीय शोक
पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी के निधन पर छत्तीसगढ़ शासन ने 31 अगस्त से 6 सितम्बर तक पूरे राज्य में सात दिवस का राजकीय शोक घोषित किया है. राजकीय शोक की अवधि में राज्य में स्थित समस्त शासकीय भवनों और अन्य स्थानों जहां पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराये जाते हैं, वहां पर 31 अगस्त से 6 सितम्बर तक राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे. राजकीय शोक की अवधि में राज्य में शासकीय स्तर पर कोई मनोरंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा. राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा इस संबंध में शासन के समस्त विभाग, अध्यक्ष राजस्व मंडल, सभी संभागायुक्त, विभागाध्यक्ष और जिला कलेक्टरों को निर्देश जारी कर दिए हैं.

