गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने इंदौर में विपक्षी गठबंधन पर किया प्रहार
इंदौर, ब्यूरो।
गोवा की मुख्यमंत्री डॉ प्रमोद सावंत ने विपक्षी गठबंधन इंडिया पर निशाना साधते हुए कहा कि सनातन धर्म के लिए अपशब्दों का प्रयोग करके इस गठबंधन के नेताओं ने हिंदूओं का अपमान किया है। सनातन विरोधी इन लोगों को घर भेजना जरूरी है। सावंत ने कहा कि जो काम मुगल, अंग्रेज और पुर्तगाली नहीं कर सके, उस सनातन को समाप्त करने की सोच INDIA गठबंधन की है। लेकिन उनकी ये सोच कभी पूरी नहीं होगी।
जन आशीर्वाद यात्रा में भाग लेने मध्यप्रदेश आए गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार को इंदौर में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि यूनिफॉर्म सिविल कोड के मामले में गोवा आइडियल स्टेट कहा जा सकता है, क्योंकि गोवा की आजादी के बाद से ही यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू है। जल्दी अन्य राज्य भी इसको अपनाएंगे। पूरे देश में यूनिफॉर्म सिविल कोड होना चाहिए। मध्य प्रदेश में जन आशीर्वाद यात्रा पूरी तरीके से सफल है विपक्ष इसकी सफलता से विचलित है। मध्यप्रदेश में शिवराज सिंह चौहान की सरकार और केंद्र में नरेंद्र मोदी की सरकार ने सभी जन कल्याणकारी योजनाओं के जरिए प्रदेश का विकास किया है। मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए गोवा के सीएम बोले, मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य हे जिसने महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण, पुलिस भर्ती में महिलाओं की 35 प्रतिशत आरक्षण देकर देश में महिलाओं के सशक्तिकरण का नया उदाहरण प्रस्तुत किया है। मध्यप्रदेश की लाड़ली लक्ष्मी योजना, कन्यादान योजना को कई राज्यों ने अपनाया है। देश को ये योजनाएं मध्यप्रदेश की शिवराज सिंह सरकार की देन हैं।


