(फाइल फोटो)
छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के दंतेवाड़ा (Dantewada) में नक्सलियों (Naxalite) ने एक बड़ी साजिश को अंजाम दिया है. बारसूर थाना क्षेत्र में नक्सलियों के लगाई प्रेशर आईडी गुरुवार की दोपहर में ब्लास्ट हो गई.
दंतेवाड़ा एसपी डॉ. अभिषेक पल्लव ने घटना की पुष्टि की है. डॉ. पल्लव ने बताया कि जवान मौके पर ही शहीद हो गया. बता दें कि पखुलनार से इंद्रावती के दूसरी ओर के गांवाें को जोड़ने के लिए पुलिया का निर्माण करवाया जा रहा है. दूसरी ओर करीब 10 गांव हैं, इन्हीं गांवों को जोड़ने के लिए पुलिया बनाई जा रही है. पिछले कुछ महीने से पुलिया निर्माण का काम शुरू किया गया था. इसी पुलिया की सुरक्षा में जवान लगा था.
रीवा का रहने वाला था जवान
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक दोपहर करीब 1 बजे ये हादसा हुआ. लंच के लिए रूके लक्ष्मीकांत दिवेदी ने एक प्रेशर आईईडी पर कदम रखा और विस्फोट की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गया, कुछ देर बाद में उसने दम तोड़ दिया. शहीद मध्य प्रदेश के रीवा के मूल निवासी है. बता दें कि जवानों को नुकसान पहुंचाने के लिए नक्सली जंगलों में जगह जगह प्रेशर आईईडी प्लांट किए हैं. कई बार जवान इसकी चपेट में आ जाते हैं.