देश के 170 जिले कोरोना हॉटस्पॉट, वायरस से अब तक 392 लोगों की मौत: स्वास्थ्य मंत्रालय – Health ministry identifies 170 districts in india as hotspots coronavirus

  • 11.41 प्रतिशत रोगी संक्रमण से उबर चुके-मंत्रालय
  • 207 इलाकों की पहचान गैर-हॉटस्पॉट के रूप में हुई

स्वास्थ्य मंत्रालय से बुधवार को राहत भरी खबर ये आई है कि देश में अब तक सामुदायिक संक्रमण का खतरा नहीं है. देश के सभी जिलों में कोरोना की गंभीरता का आकलन करने के बाद 20 अप्रैल से छूट दी जाएगी. देश में बुधवार को कोरोना बीमारों की तादाद बढ़कर 11 हजार 933 हो गई जबकि इस बीमारी से 392 लोगों ने अब तक दम तोड़ दिया है. हालांकि हौसला बढ़ाने वाली बात ये है कि एक हजार 344 मरीज ठीक होकर घर भी लौट आए हैं.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि कोरोना वायरस के लगभग 11.41 प्रतिशत रोगी संक्रमण से उबर चुके हैं और कुल 170 जिलों को हॉटस्पॉट के तौर पर चिन्हित किया गया है. जबकि 207 इलाकों की पहचान गैर-हॉटस्पॉट के रूप में की गई है.

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक 25 राज्यों में 170 जिलों को कोरोना हॉटस्पॉट और 27 राज्यों में 207 जिलों को नॉन-हॉटस्पॉट घोषित किया गया है. मंत्रालय ने फिर दोहराया है कि देश में अब तक कोरोना के सामुदायिक संक्रमण का खतरा नहीं है.

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कहा कि राज्यों को उन जिलों को हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित करने को कहा गया था जहां सबसे अधिक केस आ रहे हैं. जिन जिलों में कुछ केस आए हैं उन्हें नॉन हॉटस्पॉट और जहां एक भी मामले नहीं आए हैं उन्हें ग्रीन जोन के रूप में पहचानने को कहा गया था.

कोरोना पर फुल कवरेज के लि‍ए यहां क्ल‍िक करें

कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…

लव अग्रवाल ने कहा कि कोरोना वायरस के मरीजों के ठीक होने की दर धीरे-धीरे बढ़ रही है और वर्तमान में 11.41 प्रतिशत मरीज बीमारी से उबर चुके हैं. उन्होंने कहा, हम कोविड-19 रोगियों के उपचार के लिए उचित प्रोटोकॉल का पालन करने पर ध्यान केंद्रित कर रहे हैं.

राज्यों को दिशानिर्देश जारी

स्वास्थ्य मंत्रालय के संयुक्त सचिव ने कहा कि डोर-टू-डोर सर्वेक्षण करने के बाद कोविड-19 हॉटस्पॉट और ग्रीन जोन की पहचान की गई है. देशभर में कोरोना वायरस हॉटस्पॉट से निपटने के लिए राज्यों को दिशानिर्देश जारी किए गए हैं और विशेष टीमें नए मरीजों की तलाश करेंगी.

लव अग्रवाल ने जोर देकर कहा कि आवश्यक सेवाओं से संबंधित क्षेत्रों को छोड़कर लोगों के एकत्रित होने की अनुमति नहीं दी जाएगी. उन्होंने दोहराया कि अभी तक वायरस सामुदायिक स्तर पर यानी तीसरे चरण में नहीं पहुंचा है. हालांकि कुछ लोग स्थानीय स्तर पर संक्रमित जरूर हुए हैं.

WHO के साथ स्वास्थ्य मंत्री की बैठक

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने बुधवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के अधिकारियों के साथ कोरोना वायरस बीमारी से निपटने के उपायों पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए एक उच्चस्तरीय बैठक की.

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय और डब्लूएचओ ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए डब्ल्यूएचओ के राष्ट्रीय पोलियो निगरानी नेटवर्क और क्षेत्र के अन्य कर्मचारियों की एक व्यवस्थित साझेदारी का फैसला किया. इस दौरान डॉ. हर्षवर्धन ने कहा, मेरा मानना है कि जब तक हमें इसकी कोई वैक्सीन या टीका नहीं मिल जाता, तब तक हमें सामाजिक टीकाकरण यानी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना चाहिए.

आजतक के नए ऐप से अपने फोन पर पाएं रियल टाइम अलर्ट और सभी खबरें. डाउनलोड करें

  • Aajtak Android App
  • Aajtak Android IOS




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here