नर्सिंग स्टाफ ने कोरोना काल में दी हैं अमूल्य सेवाएँ


नर्सिंग स्टाफ ने कोरोना काल में दी हैं अमूल्य सेवाएँ


मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हमीदिया अस्पताल पहुँचकर किया संवाद 


भोपाल : सोमवार, मार्च 8, 2021, 21:35 IST

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में महिलाओं का सम्मान और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए मध्यप्रदेश सरकार हर आवश्यक फैसला लेगी। सम्मान और सुरक्षा के साथ ही महिलाओं की शिक्षा, उनके प्रति समानता का व्यवहार और उन्हें स्वावलंबन का अवसर उपलब्ध करवाना राज्य सरकार अपना प्राथमिक दायित्व मानती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आज हमीदिया अस्पताल पहुँचकर कोविड-19 के समय में सेवाएँ देने वाले नर्सिंग स्टाफ से मिले। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नर्सिंग स्टाफ का हौसला बढ़ाया। मुख्यमंत्री ने नर्सिंग स्टाफ से कहा कि आपके द्वारा कोरोना काल में दी गई सेवाएँ महत्वपूर्ण और अमूल्य हैं। मैं आपकी उन अद्भुत सेवाओं के लिए प्रणाम करने आया हूँ। इस कठिन दौर में आप सभी ने बहुत समर्पित भाव से कार्य किया। यह साहस का प्रतीक और मानवता के पक्ष में किया गया कार्य भी है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर कोरोना काल में कार्य करने वाली सिस्टर्स के अनुभव भी सुने। सुश्री रीता, सुश्री रेवती पटेल, सुश्री आरती यादव ने बताया कि उन्होंने अपने परिजनों का ध्यान रखते हुए अस्पताल में कोरोना रोगियों की सेवा की। काफी भय का वातावरण भी था। कई बार परिजन इस ड्यूटी को न करने का परामर्श देते थे। पीपीई किट धारण करने के बाद गर्मी के दिनों में बहुत तकलीफ होती थी, लेकिन यह विश्वास था कि हम एक दिन जीतेंगे। सिस्टर्स ने बताया कि अस्पताल प्रबंधन, भोपाल के प्रशासन और राज्य सरकार द्वारा उन्हें सभी आवश्यक सामग्री, औषधियाँ आदि बिना समस्या के उपलब्ध करवाई गई। इस वजह से वे कोरोना जैसी संकट की घड़ी में निरंतर कार्य करती रहीं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नर्सिंग स्टाफ को उनकी सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया। इस अवसर पर डॉ. ज्योत्सना श्रीवास्तव ने कहा कि पूर्व में नर्सिंग स्टाफ के लिए अस्पताल परिसर में शिशु केन्द्र के संचालन की व्यवस्था रही है। इसे अब पुन: शुरू करवाया जा सकता है। भोपाल शहर के विस्तार के कारण स्टाफ को काफी दूरी कर आना पड़ता है। इससे छोटी आयु के बच्चों की देखभाल में समस्या आती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कमिश्नर भोपाल श्री कवीन्द्र कियावत को नवीन परिसर में शिशु केन्द्र प्रारंभ किए जाने के संबंध में प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर नर्सिंग स्टाफ ने मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा तत्परतापूर्वक नागरिकों के हित में कोरोना की रोकथाम, उपचार और बचाव के संबंध में सक्षम नेतृत्व देकर सम्पन्न करवाए गए कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समस्त स्टाफ को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई भी दी। इस अवसर पर आयुक्त चिकित्सा शिक्षा श्री निशांत बरबड़े भी उपस्थित थे।


अशोक मनवानी


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here