बड़ी कार्रवाई: ओडिशा बॉर्डर से 4 किलो सोना और 32 लाख कैश के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार | mahasamund – News in Hindi

पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा किया है.

महासमुंद की सिंघोड़ा पुलिस ने सोने की तस्करी (Gold Smuggling) करते तीन  लोगों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों से बड़ी मात्रा में कैश भी बरामद किया गया है.

महासमुंद. छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर (Chhattisgarh-Odisha border) पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है. गुरुवार को सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल चेक पोस्ट पर 4 किलो से ज्यादा सोना (Gold) और 32 लाख से ज्यादा कैश बरामद किया गया है. इसके साथ ही पुलिस ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. बताया जा रहा है कि सिंधोरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक गाड़ी में भारी मात्रा में सोना और कैश ले जाया जा रहा है. इसकी सूचना पर पुलिस ने चेकिंग अभियान चलाया. वाहन की चेकिंग के दौरान एक गाड़ी में तीन सवार मिले. तलाशी में पुलिस ने पूछताछ की तो आरोपी गुमराह करने की कोशिश करने लगे. शक में पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो सोना और कैश बरामद हुआ.

दरअसल, महासमुंद के सिंघोड़ा पुलिस ने अन्तर्राजीय सोने की तस्करी करते 3 लोगों को गिरफ्तार किया है. सिंघोड़ा पुलिस ने रेहटीखोल चेक पोस्ट के पास आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों से 4 किलो 480 ग्राम सोना जब्त किया है तो वहीं 32 लाख 84 हजार 500 नगद भी बरामद किया है. जब्त रकम और सोने की जुमला कीमत 2 करोड़ 55 लाख 34 हजार 500 बताई गई है.

 पुलिस ने किया मामले का खुलासा

मामले का खुलासा करते हुए महासमुंद एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया कि ओडिशा की ओर से मुखबिरों से सूचना मिली थी कि एक स्वीफ्ट डिजायर कार तेज गति से और संदिग्ध परिस्थितियों में आ रहा है. सूचना के आधार पर पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा की सीमा रेहटीखोल पर चेक पॉइंट बनाकर जांच शुरू की. इस दौरान ओडिशा की ओर से आ रही एक स्वीफ्ट डिजायर कार को रोका गया, जिसमें 3 लोग सवार थे. सभी ने अपना नाम देवेंद्र साहू, शरद शर्मा और भरत राजपूत बताया जो रायपुर के रहने वाले थे.

गाड़ी की तलाशी लेने पर एक गुप्त चेम्बर मिला जिसे चेक करने पर भारी मात्रा में कैश और 4 किलो 480 ग्राम सोना निकला. पकड़े गए व्यक्तियों ने सोना और कैश रायपुर के कुशल ज्वेलर्स का होना बताया लेकिन नगद और सोने को लेकर कोई वैध दस्तावेज नहीं दे पाए. पूछताछ के दौरान ओडिशा के विभिन्न ज्वेलर्स दुकान में सप्लाई की बात सामने आई. दस्तावेज नहीं होने के कारण पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर रकम और सोने को जब्त करते हुए मामले को आईटी को सौंपा दिया है.




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here