बीजापुर. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के बीजापुर (Bijapur) में सुरक्षा बल के जवानों और नक्सलियों (Naxalite) के बीच बड़ी मुठभेड़ चल रही है. शनिवार की सुबह से मुठभेड़ होना बताया जा रहा है. जिले के तर्रेम थाना क्षेत्र के सिंगरेल और पुर्णिया के बीच के इलाके में मुठभेड़ होने की जानकारी मिल रही है. शुरुआती जानकारी के मुताबिक सुरक्षा बल के डीआरजी जवानों को बड़ा नुकसान होने की आशंका है. साथ ही मुठभेड़ में कुछ नक्सलियों के मारे जाने की भी खबर है. पुलिस अधिकारी मुठभेड़ की पुष्टि तो कर रहे हैं, लेकिन कोई जानकारी जुटाने में असमर्थता जाहिर कर रहे हैं. बीजापुर के एसपी कमलोचन कश्यप ने बताया कि बड़ा एनाउंटर चल रहा है. घटना की जानकारी जुटाई जा रही है. बस्तर रेंज के आईजी सुंदराज पी ने भी मुठभेड़ की पुष्टि की है, लेकिन मुठभेड़ में किसको कितना नुकसान हुआ है, इसको लेकर संशय है.
बता दें कि कुछ दिन पहले ही बस्तर रेंज के नारायणपुर जिले में भी नक्सलियों ने डीआरजी के जवानों को निशाना बनाया था. इसमें 4 जवानों की शहादत हुई थी. इसके बाद आज फिर से नक्सलियों की मुठभेड़ बीजापुर में डीआरजी जवानों के साथ हुई है. बताया जा रहा है कि बीजापुर में डीआरजी के करीब 5 जवान बुरी तरह घायल हुए हैं.