भारतीय-अमेरिकी Neera Tanden बनीं Joe Biden की वरिष्‍ठ सलाहकार, OMB के लिए कांग्रेस ने किया था नामंजूर | Indian-American Neera Tanden serve as senior adviser to Joe Biden, Congress rejected for OMB

वॉशिंगटन: राष्‍ट्रपति जो बाइडेन (Joe Biden) की केबिनेट के लिए एकमात्र पसंद रहीं भारतीय-अमेरिकी नीरा टंडन (Neera Tanden) अब व्हाइट हाउस में बाइडेन के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में काम करेंगी. इससे पहले टंडन ने द्विदलीय आलोचना के चलते ऑफिस ऑफ मैनेजमेंट एंड बजट (OMB) का नेतृत्व करने के लिए अपना नामांकन वापस ले लिया था. 

सीएपी की प्रेसिडेंट हैं टंडन  

सेंटर फॉर अमेरिकन प्रोग्रेस (CAP) के संस्थापक जॉन पोडेस्टा ने एक बयान में कहा है, ‘राष्‍ट्रपति के वरिष्‍ठ सलाहकार के रूप में नीरा की बुद्धि, दृढ़ता और राजनीतिक समझ बाइडेन प्रशासन के लिए बहुत कीमती साबित होगी.  हालांकि सेंटर फॉर अमेरिकन प्रोग्रेस में अब उनकी नीतिगत निपुणता और नेतृत्‍व को खो देने का हमें दुख है. इस ऑर्गेनाइजेशन को हमने 2003 में एक साथ स्थापित किया था. साथ ही मैं इस बात से रोमांचित भी हूं कि अब वे व्हाइट हाउस और अमेरिकी लोगों की सेवा करने वाले एक नए पद को संभालेंगी.’

टंडन सीएपी की प्रेसिडेंट और सीईओ के रूप में अपनी सेवाएं देती हैं. वहीं पहले वह सेंटर फॉर अमेरिकन प्रोग्रेस एक्शन फंड के सीईओ का पद भी संभाल चुकी हैं. 

यह भी पढ़ें: K.P Sharma Oli ने ली प्रधानमंत्री पद की शपथ, तीसरी बार बने नेपाल के PM

नहीं मिले थे पर्याप्‍त मत 

इससे पहले मार्च में टंडन ने व्हाइट हाउस OMB के निदेशक के रूप में अपना नामांकन वापस ले लिया था क्‍योंकि सीनेट में उनके नाम की पुष्टि करने के लिए उन्‍हें कम वोट मिले थे. यूएस मीडिया के मुताबिक व्हाइट हाउस के बजट कार्यालय का नेतृत्व करने के लिए टंडन का नाम राष्ट्रपति बाइडेन की पहली पसंद था, लेकिन इससे शुरुआत में खासा विवाद हुआ. टंडन ने ट्विटर पर सीनेट के कुछ सदस्‍यों पर टिप्‍पणियां कीं थीं, जिसके कारण रिपब्लिकन सीनेटर्स ने उन्‍हें वोट नहीं दिए. 

VIDEO

बाइडेन ने दिया था अन्‍य पद पर लाने का इशारा 

टंडन द्वारा नामांकन वापसी का अनुरोध करने के बाद ही अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने इशारा कर दिया था कि उन्हें उनके प्रशासन में किसी अन्‍य पद पर लाया जाएगा. इसे लेकर बाइडेन ने कहा था, ‘मैंने नीरा टंडन का नाम वापस लेने का अनुरोध स्‍वीकार कर लिया है. मैं उनकी उपलब्धियों के रिकॉर्ड और उनके अनुभव का बहुत सम्मान करता हूं और मेरे प्रशासन में उनकी सेवाएं पाने के लिए तत्पर हूं. वह हमारे काम में मूल्यवान दृष्टिकोण और अंतर्दृष्टि लाएंगी.’

यदि उस समय सीनेट टंडन के नाम की पुष्टि करती तो वह ओएमबी का नेतृत्‍व करने वाली पहली दक्षिण एशियाई अमेरिकी होतीं. 




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here