छत्तीसगढ़ के नेताओं ने अपनी बधाई दी है.
Ram Mandir Bhumi Pujan Update: सीएम भूपेश बघेल (Bhupesh Baghel) ने अयोध्या में श्री राम मंदिर शिलान्यास के मौके पर ट्वीट (Tweet) कर लिखा, भगवान राम की जन्मभूमि को कर्मभूमि छत्तीसगढ़ की ओर से सादर प्रणाम.
पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा कि रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम, सभी देशवासियों को ऐतिहासिक, गौरवमयी, अनंत आनंद के क्षण श्रीराम जन्मभूमि मंदिर भूमिपूजन की हार्दिक शुभकामनाएं. उन्होंने कहा कि हमारे रोम रोम में राम हैं, राम हमारा अस्तित्व हैं, हमारे आराध्य हैं, हमारे प्राण हैं. डॉ. रमन सिंह ने बुधवार को राजधानी रायपुर के वीआईपी रोड स्थित श्री राम मंदिर में पूजा-अर्चना भी की.
डॉ. रमन सिंह ने दी शुभकामनाएं
डॉ. रमन सिंह ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक डॉ. मोहन भागवत और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंदिर निर्माण के शुभारंभ के मौके पर हुए संबोधन में भारत की सत्य-सनातन परंपरा, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद की अवधारणा और सर्वधर्म समभाव के भारतीय तत्व चिंतन की चर्चा को समयानुकूल बताया और कहा कि भव्य राम मंदिर निर्माण के शुभारंभ की बेला कोटि-कोटि हिन्दुओं की आकांक्षाओं की विजय का पर्व और सैकड़ों वर्षों की ग़ुलामी के कलंक के धुलने की अविस्मरणीय बेला है. वहीं इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय ने कहा है कि प्रभु श्री राम का मंदिर भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है जो अनंतकाल तक विश्व में मानवता का संदेश देता रहेगा. साय ने कहा कि इस ऐतिहासिक, अद्वितीय और शुभ दिन पर मैं अत्यंत भावुक तथा आंनदित हूं. सभी देशवासियों को श्री राम मंदिर के शिलान्यास एवं भूमि पूजन की हार्दिक शुभकामनाएं.ये भी पढ़ें: बड़ी खबर: आगे बढ़ सकती है बिहार विधानसभा चुनाव की तारीख, CM नीतीश ने दिए संकेत
बिलासपुर में पूजा-अर्चना
वहीं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने बिलासपुर शहर के सिरगिट्टी में स्थित राम मंदिर में पूजा-अर्चना की. उन्होंने बताया कि प्रदेश भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर और कुशाभाऊ ठाकरे स्मृति परिसर में भी दीप-प्रज्जवलित कर श्रीराम मंदिर निर्माण के शुभारंभ पर दीपोत्सव मनाया गया. मालूम हो कि भूपेश बघेल सरकार ने राज्य में राम वन गमन पथ के विकास और सौंदर्यीकरण के लिए इसी महीने काम शुरू करने का फैसला किया है.