इंदौर में यात्री परिवहन विजन समिट 2026 में CM मोहन यादव बोले- ‘एक राज्य, एक बस सेवा’ से बढ़ेगी कनेक्टिविटी, युवाओं को मिलेंगे रोजगार के अवसर
इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में आयोजित दो दिवसीय ‘यात्री परिवहन विजन समिट 2026’ को संबोधित करते हुए घोषणा की कि 25 सितंबर को ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा’ का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक से लैस इस बस सेवा में यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई है। साथ ही बस ऑपरेटर्स के हितों का भी विशेष ध्यान रखा गया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन आमजन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। ‘एक राज्य, एक बस सेवा’ की अवधारणा से यात्रियों का आवागमन आसान होगा और प्रदेश में परिवहन व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी। बस सेवा के विस्तार से युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बंद पड़ी राज्य परिवहन बस सेवा को इस पहल से नई संजीवनी मिलेगी।डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। भोपाल और इंदौर में मेट्रो का संचालन हो रहा है, जबकि प्रदेश के एयरपोर्ट भी विश्वस्तरीय सुविधाओं की ओर बढ़ रहे हैं। मध्यप्रदेश में 15 हजार से अधिक बसों और करीब 5 लाख किलोमीटर सड़क नेटवर्क का मजबूत आधार मौजूद है।उन्होंने कहा कि प्रदेश में धार्मिक और पर्यटन गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं। उज्जैन में श्रद्धालुओं की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है और हर साल प्रदेश में 20 करोड़ से अधिक पर्यटक आ रहे हैं। ऐसे में सुगम और बेहतर परिवहन व्यवस्था की आवश्यकता और बढ़ गई है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश में ई-व्हीकल्स का संचालन शुरू हो रहा है। मध्यप्रदेश में निर्मित इलेक्ट्रिक वाहन और इंजन देश के साथ-साथ दुनिया के विभिन्न हिस्सों में सप्लाई किए जा रहे हैं।उन्होंने गणेश उत्सव को एकता और सामाजिक समरसता का संदेश देने वाला पर्व बताते हुए कहा कि बाल गंगाधर तिलक ने गणेश स्थापना के माध्यम से देशवासियों को एकजुट करने का काम किया था।मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। इसी अभियान की कड़ी में 25 सितंबर को मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा का शुभारंभ प्रदेशवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात होगा।


