रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ट्रेफिक नियमों को लेकर सख्ती की जा रही है. हाल ही में नए एक्ट के तहत ट्रेफिक के नियम तोड़ने पर जुर्माने को सात गुना तक बढ़ा दिया गया है. अब यह जुर्माना 300 से बढ़कर 2000 रुपए हो गया है. जुर्माने की राशि में एक साथ 7 गुना बृद्धि किए जाने के रायपुर पुलिस के फैसले पर लोग भड़क गए हैं. लोगों ने सोशल मीडिया पर रायपुर पुलिस के खिलाफ जमकर खरी खोटी बातें कहीं. रायपुर पुलिस अब जमकर ट्रोल हो रही है.
बता दें कि नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जुर्माने की राशि को बढ़ाकर 2000 रुपए कर दिया गया है. इस नए एक्ट के तहत यातायात नियमों की अनदेखी करने वाले के नाम पर ई चालान नोटिस घटना का वीडियो फुटेज व फोटोग्राफ्स समेत घर भेजा जाएगा. लापरवाह वाहन चालकों को रोकने के लिए यह फैसला लिया गया है. वहीं सोशल मीडिया पर लोग जमकर भड़ास निकाल रहे हैं.
पोस्ट देखकर फूटा लोगों का गुस्सा
रायपुर पुलिस ने सोशल मीडिया में जैसे ही अपने ऑफिशियल पेज पर जुर्माने की बढ़ी रकम का ऐलान किया तो लोगों का गुस्सा फूट पड़ा. पुलिस सीधे ट्रोलर्स के निशाने पर आ गई. लोगों ने सोशल मीडिया पर पुलिस द्वारा वसूली, खराब सड़कों से लेकर, पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भी घेरा. हालांकि कुछ कुछ यूजर्स इस फैसले को सही बता रहे हैं. वहीं कुछ यूजर्स इसको लेकर मजेदार कमेंट कर रहे हैं.
एक सोशल मीडिया यूज़र विकास तिवारी लिखते हैं कि – “माननीय जो पुलिस वाले 300 लेकर मान जाते हैं वो प्रावधान अब है कि नहीं ये भी बता दीजिये।
“मिनी पाण्डेय ने लिखा है कि – “चालान का रेट बढ़ गया अब तो स्कूटी सही से चलानी सीखनी ही पड़ेगी हमको।
“ हर्षराज सिन्हा ने लिखा है कि – “जुर्माने लायक रोड़ भी नहीं है रोड़ अच्छी भी होनी चाहिए”
राहुल शर्मा लिखते हैं कि – “एक यही काम तो यह डिपार्टमेंट पूर्ण ईमानदारी से करती है, सड़क किनारे से गाड़ी उठाना और जुर्माना वसूलना, काश सुविधाओं पर भी जोर दिया जाता और उपर से नीचे तक इस डिपार्टमेंट में रिश्वतखोरी है, उस पर भी संज्ञान लिया जाता”
डीएसपी बोले फाइन से आएगी जागरुकता
सोशल मीडिया पर हो रही आलोचनाओं को लेकर रायपुर ट्रेफिक डीएसपी सतीश ठाकुर का कहना है कि रेड लाइट जम्प करने वाला खुद की और सामने वाले की भी ज़िंदगी खतरे में डालता है. ऐसे में बढ़े हुए फाइन से लोग जागरूक होंगे और नियमों का पालन करेंगे. जिससे दुर्घटनाओं में कमी आएगी. पुलिस के इस फैसले को लेकर विपक्ष ने भी कड़ा एतराज़ जताया है. पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने इस लूट बताया है. जबकि पीसीसी संचार विभाग प्रमुख सुशील आनंद शुक्ला लोगों में ट्रेफिक अनुशासन के लिए बढ़े हुए जुर्माने को सही बता रहे हैं.
इन नियमों को तोड़ने पर लगेगा फाइन
बता दें कि पहले रेड लाइट तोड़ने पर 300 रुपए का जुर्माना लिया जाता था. अब यह जुर्माने की राशि सीधे 7 गुना बढ़ाकर 2000 रुपए कर दी गई है. वहीं लापरवाही पूर्व वाहन चलाने पर 1000 रुपये की जगह 2000 रुपए का जुर्माना देना होगा. इतना ही नहीं लगातार दूसरी बार लापरवाही बरतने पर 5000 रुपए का भी जुर्माना देना पड़ सकता है. नियम तोड़ते समय फोटो खींचकर रजिस्टर्ड पर पर भेजी जाएगी.
ब्रेकिंग न्यूज़ हिंदी में सबसे पहले पढ़ें News18 हिंदी | आज की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट, पढ़ें सबसे विश्वसनीय हिंदी न्यूज़ वेबसाइट News18 हिंदी |
Tags: Chhattisgarh news, Raipur news
FIRST PUBLISHED : May 07, 2022, 14:26 IST
Source link