राहुल गांधी को CM भूपेश बघेल ने लिखी चिट्ठी, कहा- दोबारा संभालें कांग्रेस की कमान | raipur – News in Hindi

राहुल गांधी को CM भूपेश बघेल ने लिखी चिट्ठी, कहा- दोबारा संभालें कांग्रेस की कमान

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिख कांग्रेस की कमान दोबारा अपने हाथ में लेने की अपील की.

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने 4 राज्यों के विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की प्रभावी भूमिकाओं का जिक्र करते हुए उनसे पार्टी की कमान दोबारा अपने हाथों में लेने की अपील की है.

रायपुर. कांग्रेस पार्टी (Congress) का नया अध्यक्ष कौन बनेगा? इसको लेकर पार्टी के भीतर जहां गांधी परिवार से इतर दूसरे नेता को कमान सौंपने की चर्चाएं चल रही हैं. वहीं पार्टी नेताओं का एक धड़ा राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को दोबारा पार्टी की कमान देने की बातें भी कर रहा है. इसी क्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने आज राहुल गांधी को एक पत्र लिखकर कांग्रेस पार्टी की कमान दोबारा अपने हाथ में लेने की बात कही है. सीएम बघेल ने अपने पत्र में गांधी-नेहरू परिवार के देश के प्रति योगदान की सराहना की है. साथ ही सोनिया गांधी और राहुल गांधी को मौजूदा चुनौतियों के मद्देनजर उम्मीद की किरण भी बताया है.

पार्टी में असहमतियों पर भी हमला
छत्तीगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस पार्टी के भीतर कुछ नेताओं द्वारा गांधी परिवार से इतर दूसरे नेता को पार्टी की कमान सौंपने पर भी अपनी बात रखी है. राहुल गांधी को लिखे पत्र में बघेल ने कहा है, ‘वर्तमान में भी पार्टी के अंदर कुछ नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से वैचारिक असहमति की चर्चा आरंभ की गई है. मेरा सभी पार्टी जनों से अनुरोध है कि चुनौती की इस घड़ी में पार्टी में एकजुटता बनाए रखें. कांग्रेस की हमेशा यह परंपरा रही है कि पार्टी में विभिन्न स्तरों पर हर मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कर लोकतांत्रिक पद्धति से ही निर्णय लिए जाते रहे हैं.’

विधानसभा चुनावों की दिलाई याद
कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले सीएम बघेल ने अपनी चिट्ठी में राहुल गांधी के पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव में किए गए प्रदर्शनों की भी याद दिलाई है. उन्होंने अपने पत्र में गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी की प्रभावी भूमिकाओं की सराहना करते हुए उन्हें दोबारा कांग्रेस की कमान थामने की अपील की है. साथ ही मौजूदा हालात को देखते हुए उपस्थित चुनौतियों में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को उम्मीद की किरण बताया है. सीएम बघेल ने अपने पत्र में कहा है, ‘देश को वर्तमान संकट की स्थिति से उबारने में सोनिया जी और राहुल जी ही एकमात्र आशा की किरण दिखाई देते हैं.’




Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here