शिवपुरी जिले में लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकानों में तोड़फोड़, शराब की बोतलों में आग लगाने और पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों से मारपीट के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। अमोला थाना क्षेत्र में सरपंच और जनपद सदस्य समेत 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि रन्नौद पुलिस ने पचावली शराब दुकान में आगजनी के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। दोनों मामलों में अब तक 43 आरोपियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई सामने आई है।
अमोला में सरपंच-जनपद सदस्य समेत 21 गिरफ्तारअमोला थाना क्षेत्र में लाइसेंसी कंपोजिट शराब दुकान में घुसकर तोड़फोड़ और आगजनी करने के मामले में पुलिस ने 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया। गिरफ्तार आरोपियों में ग्राम गणेशखेड़ा का सरपंच छोटेराजा पुत्र भरौसीराम गुर्जर, उम्र 42 वर्ष और अमोलपठा निवासी जनपद सदस्य दुष्यंत परमार पुत्र वीरसिंह परमार, उम्र 35 वर्ष भी शामिल हैं।पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शराब दुकान में घुसकर शराब में आग लगाने के साथ दुकान में तोड़फोड़ की। इस दौरान दुकान कर्मचारी से गाली-गलौज और मारपीट करने, पुलिस व आबकारी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से अभद्रता व मारपीट करने, शासकीय कार्य में बाधा डालने और शासकीय वाहन में तोड़फोड़ करने के आरोप हैं।
पुलिस अधीक्षक श्रीमती यांगचेन डोलकर भूटिया के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आर.डी. प्रजापति और एसडीओपी करैरा के मार्गदर्शन में अमोला, सुरवाया, मगरौनी, अमोलपठा और थनरा पुलिस की टीमों ने कार्रवाई की। पुलिस अन्य आरोपियों को चिन्हित कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।पचावली में आगजनी, एक और आरोपी गिरफ्तारइधर, रन्नौद थाना क्षेत्र के ग्राम पचावली में 11 सितंबर को लाइसेंसी देशी-विदेशी कंपोजिट शराब दुकान में तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में पुलिस ने लखन उर्फ किन्ना आदिवासी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार महिला और पुरुषों ने दुकान में घुसकर फ्रिज, कूलर, इन्वर्टर और बैटरी में तोड़फोड़ की थी। इसके बाद देशी-विदेशी शराब की पेटियों में आग लगा दी गई थी।मामले में रन्नौद थाने पर अपराध क्रमांक 156/26 दर्ज किया गया था। पुलिस ने घटना वाले दिन ही 18 महिला और 3 पुरुष समेत 21 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसी क्रम में 13 सितंबर को लखन उर्फ किन्ना आदिवासी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।


