शिवपुरी। शहर में आयोजित 70वीं राज्य स्तरीय बालिका क्रिकेट एवं बालक-बालिका नेटबॉल प्रतियोगिता के निर्णायक मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। नेटबॉल के बालक और बालिका वर्ग में ग्वालियर की टीमों ने जीत दर्ज कर दोहरी चैंपियनशिप हासिल की। वहीं बालिका क्रिकेट के फाइनल में भोपाल ने इंदौर को सिर्फ 2 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता के विजेता और उपविजेता खिलाड़ियों को बुधवार सुबह 10 बजे सांदीपनि स्कूल परिसर में आयोजित समारोह में सम्मानित किया जाएगा।क्रिकेट फाइनल में आर्या का शानदार प्रदर्शन -बालिका क्रिकेट के फाइनल में भोपाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 15 ओवर में 6 विकेट खोकर 106 रन बनाए। टीम की आर्या नायक ने 64 रन की बेहतरीन पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंदौर की टीम ने आखिरी ओवर तक मुकाबला बनाए रखा, लेकिन 6 विकेट पर 104 रन ही बना सकी। इस तरह भोपाल ने 2 रन से रोमांचक जीत हासिल की। आर्या ने पूरी प्रतियोगिता में सर्वाधिक 352 रन बनाए।पहले सेमीफाइनल में इंदौर ने ग्वालियर को 102 रन के लक्ष्य का पीछा करने से रोकते हुए 96 रन पर समेट दिया। दूसरे सेमीफाइनल में भोपाल ने नर्मदापुरम को हराकर फाइनल में प्रवेश किया। तीसरे स्थान के मुकाबले में ग्वालियर ने नर्मदापुरम को हराया।नेटबॉल में ग्वालियर का दबदबा -बालक वर्ग के फाइनल में ग्वालियर ने रीवा को 12-7 से पराजित किया। इससे पहले ग्वालियर ने भोपाल और रीवा ने इंदौर को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। तीसरे स्थान के मुकाबले में इंदौर ने भोपाल को 26-20 से हराया।बालिका वर्ग के फाइनल में ग्वालियर ने भोपाल को 14-11 से शिकस्त दी। सेमीफाइनल में ग्वालियर ने इंदौर को 13-10, जबकि भोपाल ने रीवा को 18-16 से हराया।प्रतियोगिता जिला शिक्षा अधिकारी आकाश सिंह यादव के निर्देशन और जिला क्रीड़ा अधिकारी चंद्रशेखर बेमटे के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। आयोजन में रेफरी, खेल अधिकारियों, शिक्षकों और क्रीड़ा प्रभारियों ने सहयोग दिया। बुधवार को होने वाले पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता, उपविजेता और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को सम्मानित किया जाएगा।


