Last Updated:
Kondagaon News: कोंडागांव पुलिस ने पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी के आरोप में जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश पटेल को गिरफ्तार किया है. इस धोखाधड़ी के सामने आने के बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने पटेल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है. जानें पूरा केस…
पुलिस गिरफ्त में कांग्रेस नेता.
Kondagaon News: छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है. जिला कांग्रेस महामंत्री रितेश पटेल को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. रितेश पटेल पर एक बेरोजगार युवक से पटवारी की नौकरी दिलाने के नाम पर 6.50 लाख रुपये ठगने का गंभीर आरोप है.
नौकरी का झांसा देकर ली बड़ी रकम
पुलिस के अनुसार, यह मामला ग्राम गिरोला के रहने वाले अभिराम सोरी की शिकायत पर दर्ज किया गया है. अभिराम ने बताया कि साल 2017 में पटवारी भर्ती निकली थी. उस दौरान उनके परिचित रितेश पटेल ने उन्हें सरकारी नौकरी लगवाने का भरोसा दिया. रितेश पटेल ग्राम बफना के निवासी हैं.
इतने लाख लेने का आरोप
अभिराम सोरी का आरोप है कि नौकरी लगवाने के बदले रितेश पटेल ने उनसे अलग-अलग किस्तों में कुल 6 लाख 50 हजार रुपये लिए थे. पैसा देने के बाद भी अभिराम को नौकरी नहीं मिली. जब उन्होंने अपनी रकम वापस मांगी, तो आरोपी ने पैसे लौटाने से साफ इनकार कर दिया.
संयुक्त टीम ने पकड़ा
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया. पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर कोंडागांव थाना और साइबर सेल की एक संयुक्त टीम बनाई गई. इस टीम ने जांच शुरू की और आरोपी रितेश पटेल को उसके निवास से हिरासत में लिया. पूछताछ में रितेश पटेल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है.
कांग्रेस पार्टी से निष्कासन
मामला सार्वजनिक होते ही कांग्रेस संगठन ने भी रितेश पटेल पर कड़ा एक्शन लिया है. कोंडागांव कांग्रेस जिलाध्यक्ष रवि घोष ने रितेश पटेल की प्राथमिक सदस्यता समाप्त कर उन्हें पार्टी से बाहर निकाल दिया है. जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जब तक मामला कोर्ट में रहेगा और फैसला रितेश पटेल के पक्ष में नहीं आता, तब तक वह निष्कासित रहेंगे.
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस रिकॉर्ड से पता चला है कि रितेश पटेल का इतिहास पहले भी विवादित रहा है. वह पहले भी ठगी, बलवा और अन्य प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत गिरफ्तार होकर जेल जा चुका है. इस कार्रवाई के बाद जिले में राजनीतिक सरगर्मियां काफी तेज हो गई हैं.
About the Author
एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता में सक्रिय. प्रिंट मीडिया से शुरुआत. साल 2023 से न्यूज 18 हिंदी के साथ डिजिटल सफर की शुरुआत. न्यूज 18 के पहले दैनिक जागरण, अमर उजाला में रिपोर्टिंग और डेस्क पर कार्य का अनुभव. म…और पढ़ें
Source link


