भोपाल: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 16 अक्टूबर को ग्वालियर के दौरे पर रहेंगे, इस दौरान शाह ग्वालियर के जयविलास पैलेस भी जाएंगे। गौरतलब है कि केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के बुलावे पर पहली बार शाह जयविलास पैलेस जा रहे हैं।
शाह के दौरे की तैयारियों में जुटे सिंधिया
अमित शाह 16 अक्टूबर को ग्वालियर में अत्याधुनिक विमानतल का शिलान्यास करने आ रहे हैं, लेकिन शाह के इस दौरे को सिंधिया के शक्ति प्रदर्शन से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल सिधिया बीजेपी में अपनी लकीर बड़ा करने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते हैं, यही वजह है कि अमित शाह का ग्वालियर दौरा प्रदेश के सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
करीब डेढ़ घंटे जय विलास पैलेस में रुकेंगे अमित शाह
अमित शाह ग्वालियर दौरे पर कई कार्यक्रमों में शामिल होंगे, लेकिन सबसे खास बात यह है कि वह जय विलास पैलेस भी जाएंगे, शाह डेढ़ घंटे जय विलास पैलेस में रुकेंगे, जहां वह मेहमान होंगे तो सिंधिया मेजबान होंगे। खास बात यह भी है कि अमित शाह जिस एयरपोर्ट का शिलान्यास करने जा रहे हैं उसका नाम भी विजयाराजे सिंधिया के नाम पर होगा, शाह इस मौके पर एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं।

