- लॉकडाउन पर केंद्र से स्पष्ट निर्देश चाहते हैं: ममता
- अकेले कोलकाता में हमारे पास 790 बेड हैं: ममता
कोरोना संकट से निपटने के लिए देश में लॉकडाउन लागू है. 3 मई तक जारी इस लॉकडाउन को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा है कि हम केंद्र सरकार से लॉकडाउन पर स्पष्ट निर्देश चाहते हैं. साथ ही हावड़ा की घटना को लेकर सीएम ममता ने बीजेपी पर निशाना साधा है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, ‘हम लॉकडाउन पर केंद्र से स्पष्ट निर्देश चाहते हैं. मैं सभी से निवेदन करती हूं कि कृपया घर के अंदर रहें. हमारे विशेषज्ञों ने प्रतिक्रिया दी है कि हमें मई के अंतिम सप्ताह तक सतर्क रहना चाहिए. स्टेशनरी-रंग की दुकानें, इलेक्ट्रॉनिक्स, हार्डवेयर, मोबाइल, लॉन्ड्री, चाय और पान की दुकानें खोली जा सकती हैं.’
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
सीएम ममता ने बताया, ‘कुछ लोग अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहे थे कि मरीजों के लिए बिस्तर नहीं थे. यह सच नहीं है. अकेले कोलकाता में हमारे पास 790 बेड हैं. हमारे पास कुल 14 लैब हैं. भारतीय जनता पार्टी राजनीति कर रही है. लेकिन ये राजनीति करने का वक्त नहीं है. आपके स्वच्छ भारत के नेता कहां हैं? बाहर आओ और फर्जी खबर फैलाने के बजाय सड़कों को साफ करो.’
हावड़ा हिंसा को लेकर भी सीएम ममता बनर्जी ने बीजेपी पर निशाना साधा. सीएम ममता बनर्जी ने कहा, ‘हावड़ा में घटना हुई, ऐसा नहीं होना चाहिए था. यह गलत था. बीजेपी हावड़ा में हुई एक छोटी घटना को बढ़ा रही है. वे पूरे भारत में बंगाल को बदनाम कर रहे हैं.’
क्या है मामला?
बता दें कि पश्चिम बंगाल में लॉकडाउन सुनिश्चित कराने के दौरान पुलिस पर हमले का मामला सामने आया. हावड़ा के टिकियापार में मंगलवार शाम को भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया था. पुलिस लोगों को अपने घरों के अंदर रहने की अपील कर रही थी.
हालांकि पुलिस की अपील के बाद भी लोग नहीं माने और पुलिस पर पत्थर फेंकने लगे. पुलिस ने कार्रवाई की तो भीड़ उग्र हो गई और पुलिस पर हमला कर दिया. इस हमले में कई अफसर घायल हो गए. बाद में भीड़ पर काबू पाने के लिए रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) को बुलाना पड़ा. इसके बाद बीजेपी ने आरोप लगाया कि घटना टीएमसी के इशारे पर हुई.

