आगर मालवा में 45 ईंट भट्टा संचालकों से 45 लाख की ठगी, मुख्य आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार

आगर मालवा में ईंट भट्टा संचालकों से लाखों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।मजदूर उपलब्ध कराने का झांसा देकर करीब 45 ईंट भट्टा संचालकों से लगभग 45 लाख रुपए की ठगी करने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 20 लाख रुपए नगद और 5 लाख रुपए का चेक बरामद किया गया है। वहीं वारदात में सहयोग करने वाले एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है।

दरअसल, आरोपी आफताब अपने एक साथी के साथ उत्तरप्रदेश से आगर पहुंचा था। यहां उसने ईंट भट्टा संचालकों से संपर्क कर उन्हें मजदूर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। शुरुआत में कुछ मजदूर ईंट बनाने के लिए उपलब्ध भी कराए गए, लेकिन कुछ समय बाद मजदूर मौके से चले गए।इसके बाद आरोपी आफताब भी अचानक गायब हो गया। भट्टा संचालकों को जब ठगी का अहसास हुआ तो मामले की शिकायत पुलिस से की गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने एक-दो नहीं, बल्कि करीब 45 ईंट भट्टा संचालकों को अपना निशाना बनाया और मजदूर उपलब्ध कराने के नाम पर करीब 45 लाख रुपए की रकम ऐंठ ली।मामला दर्ज होने के बाद कोतवाली पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और तकनीकी जांच के आधार पर उसके उत्तरप्रदेश में होने की जानकारी जुटाई।

इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी आफताब को उत्तरप्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 20 लाख रुपए नगद और 5 लाख रुपए का चेक बरामद किया है।पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि ठगी की रकम कहां-कहां इस्तेमाल की गई और इस पूरे नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं।आगर कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अब वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस को उम्मीद है कि आरोपी से पूछताछ में ठगी से जुड़े अन्य मामलों और पूरे नेटवर्क को लेकर भी अहम खुलासे हो सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here