“किसानों के पसीने पर डाका” : बमीठा खरीदी केंद्र पहुंचे जीतू पटवारी, तौल में गड़बड़ी देख भड़के

छतरपुर। Jitu Patwari ने छतरपुर जिले के बमीठा स्थित गेहूं खरीदी केंद्र का औचक निरीक्षण कर किसानों के साथ तौल में गड़बड़ी और अनियमितताओं के आरोप लगाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने खुद बोरियों का वजन चेक कराया और दावा किया कि 50 किलो की बोरी में किसानों से 1 से 1.5 किलो तक अतिरिक्त अनाज लिया जा रहा है।

जीतू पटवारी ने इसे किसानों के साथ खुला अन्याय बताते हुए कहा कि सरकार किसानों की मेहनत और पसीने पर डाका डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि खरीदी केंद्रों पर किसानों का शोषण किया जा रहा है, लेकिन प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा।

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार केवल दिखावटी निरीक्षण कर रही है और छोटे मुद्दों पर बयानबाजी करती है, जबकि खरीदी केंद्रों पर हो रही गड़बड़ियों पर मौन बनी हुई है।उन्होंने किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग करते हुए कहा कि किसान समर्थन मूल्य और भावांतर की उम्मीद में खरीदी केंद्रों तक पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें सही भुगतान नहीं मिल पा रहा।

पटवारी ने सरकार से भावांतर राशि जल्द जारी करने की मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसानों के साथ हो रहा अन्याय बंद नहीं हुआ तो कांग्रेस प्रदेशभर में आंदोलन और चक्काजाम करेगी।निरीक्षण के बाद जीतू पटवारी केन-बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित ग्रामीणों और आदिवासियों से मिलने के लिए रवाना हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here