जबलपुर/सागर। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सागर रेल खंड में पदस्थ रेलवे सेक्शन इंजीनियर नारायण सिंह बुंदेला को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी को सीबीआई ने गिरफ्तार करने के बाद जबलपुर जिला अदालत में पेश किया।
जानकारी के अनुसार, सागर रेल खंड में गिट्टी सप्लाई का कार्य करने वाले एक ठेकेदार से सेक्शन इंजीनियर ने उसकी सिक्योरिटी डिपॉजिट राशि वापस कराने के बदले एक लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी। ठेकेदार ने इसकी शिकायत सीबीआई से की, जिसके बाद एजेंसी ने मामले का सत्यापन कर ट्रैप की कार्रवाई की।
सीबीआई की टीम ने सागर के एक होटल में जाल बिछाया, जहां आरोपी इंजीनियर ठेकेदार से रिश्वत की रकम ले रहा था। जैसे ही उसने एक लाख रुपये की राशि स्वीकार की, सीबीआई अधिकारियों ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। कार्रवाई देर रात तक चली और रिश्वत की राशि भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे जबलपुर जिला अदालत में पेश किया गया। सीबीआई मामले की आगे जांच कर रही है तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि भ्रष्टाचार के इस मामले में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल है या नहीं।


