ट्रेन में महिला की गहने-नकदी से भरी ट्रॉली बैग चोरी, दूसरे यात्री का मोबाइल-पर्स भी गायब।

मध्य प्रदेश में चलती ट्रेन में यात्रियों के सामान की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गुना और शिवपुरी के बीच दो अलग-अलग यात्रियों के सामान चोरी होने का मामला सामने आया है। एक महिला यात्री की गहने, नकदी और कपड़ों से भरी ट्रॉली बैग चोरी हो गई, जबकि इसी ट्रेन में सफर कर रहे एक अन्य यात्री का मोबाइल और नकदी से भरा पर्स भी गायब हो गया। दोनों मामलों में जीआरपी ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के मुताबिक, महिला यात्री भोपाल से ग्वालियर की यात्रा कर रही थीं। वह ट्रेन नंबर 11085 बेंगलुरु-ग्वालियर एक्सप्रेस के कोच एस-1 में सफर कर रही थीं।

महिला ने अपना सामान सीट के नीचे रखा हुआ था। वही महिला यात्री के मुताबिक, यात्रा के दौरान जब ट्रेन बिना स्टेशन पहुंचे आगे बढ़ रही थी, तब उन्होंने सीट के नीचे रखा अपना छोटा ट्रॉली बैग सुरक्षित देखा था। लेकिन जैसे ही ट्रेन गुना रेलवे स्टेशन के आसपास पहुंची, उन्होंने सीट के नीचे देखा तो ट्रॉली बैग गायब था। इसके बाद महिला ने आसपास और कोच में काफी तलाश की, लेकिन बैग का कोई पता नहीं चला।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई। वही चोरी हुए ट्रॉली बैग में महिला के मुताबिक काफी कीमती सामान रखा हुआ था। इसमें 11.5 ग्राम वजन की सोने की एक चेन, एक तोले वजन की सोने की तीन अंगूठियां और करीब 140 ग्राम चांदी की दो जोड़ी पायल शामिल थीं। इसके अलावा बैग में 14 हजार 500 रुपये नकद और व्यक्तिगत इस्तेमाल के कपड़े भी रखे हुए थे। इस तरह महिला यात्री को चोरी की इस घटना में आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। तथा इंदौर रेल कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद जीआरपी शिवपुरी पुलिस ने ट्रेन को अटेंड किया और महिला यात्री के बयान दर्ज किए।

मामले में जीआरपी थाना शिवपुरी में एफआईआर दर्ज की गई और केस डायरी जीआरपी थाना गुना भेजी गई, जहां पुलिस ने अज्ञात चोर की तलाश शुरू कर दी है।इस मामले में सबसे अहम बात यह सामने आई कि महिला ने यात्रा के दौरान अपना बैग सीट के नीचे रखा था और कुछ समय पहले तक वह सुरक्षित था। लेकिन गुना रेलवे स्टेशन पहुंचने पर बैग गायब मिला। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर ट्रेन में किस जगह और किस समय बैग चोरी किया गया। साथ ही आसपास के यात्रियों और संदिग्ध लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

इसी ट्रेन में चोरी का एक दूसरा मामला भी सामने आया है। ट्रेन से यात्रा कर रहे प्रसून कुमार, उम्र 30 वर्ष, अपने परिवार के साथ भोपाल से गोविंदपुरी की यात्रा कर रहे थे।वह ट्रेन नंबर 04114 हुबली-प्रयागराज समर स्पेशल के कोच एस-8 में सफर कर रहे थे। उनकी सीट संख्या 67, 68 और 70 बताई गई है। यात्रा के दौरान बीना स्टेशन निकलने के बाद परिवार के सदस्य सो गए। जब ट्रेन गुना रेलवे स्टेशन पर खड़ी थी, तभी यात्री की नींद खुली। उन्होंने देखा कि सीट पर रखा उनकी मां का पर्स गायब था।

यात्री के मुताबिक, चोरी हुए पर्स में करीब 15 हजार रुपये कीमत का एक मोबाइल फोन और 2 हजार रुपये नकद रखे हुए थे। पर्स गायब होने के बाद आसपास तलाश की गई, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका। इस मामले की जानकारी भी जीआरपी पुलिस को दी गई। जीआरपी थाना शिवपुरी में मामला दर्ज कर जांच के लिए केस डायरी जीआरपी थाना गुना भेजी गई है दोनों घटनाओं के सामने आने के बाद रेलवे यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब दोनों मामलों में अज्ञात चोरों की तलाश कर रही है। ट्रेन में लगे कैमरों, यात्रियों और संदिग्ध गतिविधियों से जुड़ी जानकारी की जांच की जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here