जर्जर मकान ढहने से दो बच्चियों की मौत, घायल महिला से मिलने जिला अस्पताल पहुंचे राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार

छतरपुर जिले के हिनौता थाना क्षेत्र के माता क्योटरा गांव में लगातार बारिश के बीच एक जर्जर कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे में मलबे में दबने से दो माह की मासूम बच्ची और 15 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल महिला का जिला अस्पताल छतरपुर में इलाज जारी है।

जानकारी के मुताबिक, हादसा देर रात उस समय हुआ, जब हेमा केवट अपनी दो माह की बच्ची और 15 वर्षीय ननद के साथ घर में सो रही थीं। अचानक मकान ढहने से तीनों मलबे में दब गए। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर तीनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक दोनों बच्चियों की मौत हो चुकी थी।घायल हेमा केवट को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत अब पहले से बेहतर है। महिला के पेट और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उनका इलाज जारी है।

हादसे की जानकारी मिलते ही चंदला विधायक एवं राज्यमंत्री दिलीप अहिरवार जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल महिला से मुलाकात कर उसके इलाज की जानकारी ली और पीड़ित परिवार को 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने की बात कही।राज्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में लगातार तेज बारिश के कारण कई कच्चे और जर्जर मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है। उन्होंने लोगों से अपील की कि ऐसे मकानों की जानकारी प्रशासन या उन्हें दें, ताकि हादसा होने से पहले ही परिवारों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा सके।उन्होंने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में जर्जर मकानों का सर्वे किया जा रहा है और शासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here