जुआ कार्रवाई के बाद दतिया में सियासी हलचल, सरपंच की गिरफ्तारी पर उठे सवाल

दतिया जिले में जुआ-सट्टे के खिलाफ चल रही पुलिस कार्रवाई अब सियासी चर्चा का विषय बन गई है। सेवढ़ा के भगुवापुरा थाना क्षेत्र के ग्राम बस्तूरी में 9 सितंबर को पुलिस ने जुआ खेलते लोगों के खिलाफ कार्रवाई की थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने ग्राम पंचायत के सरपंच सुरेंद्र सिंह चौहान को भी हिरासत में लिया था।अब इसी कार्रवाई को लेकर ग्रामीणों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को दतिया एसपी से मिलने पहुंचा। ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपते हुए आरोप लगाया कि सरपंच सुरेंद्र सिंह चौहान को गलत तरीके से हिरासत में लिया गया और उनके साथ मारपीट की गई।

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की।मामला सामने आने के बाद अब इसमें राजनीतिक एंट्री भी हो गई है। भिंड-दतिया सांसद संध्या राय, सेवढ़ा विधायक प्रदीप अग्रवाल और भाजपा नेता घनश्याम पिरोनिया ने एसपी से मुलाकात की और पूरे मामले पर चर्चा की।जनप्रतिनिधियों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल खड़े करने के बजाय निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि मामले में जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई हो और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच की जाए।

वहीं मामले को लेकर एसपी ने एडिशनल एसपी के नेतृत्व में जांच टीम गठित करने की बात कही है। अब जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि पुलिस कार्रवाई में नियमों का पालन हुआ या नहीं और ग्रामीणों द्वारा लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है।हालांकि, दूसरी ओर पुलिस की कार्रवाई को लेकर यह बात भी सामने आ रही है कि सुरेंद्र सिंह चौहान पर जुआ खिलाने से जुड़े आरोपों के आधार पर कार्रवाई की गई थी। इस मामले में पुलिस की ओर से जांच के बाद स्थिति और स्पष्ट होगी।

लेकिन अब बड़ा सवाल यह है कि जुआ-सट्टे के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई के बाद एक सरपंच के समर्थन में सांसद, विधायक और भाजपा के वरिष्ठ नेताओं का एसपी तक पहुंचना आखिर क्या संकेत देता है?क्या जनप्रतिनिधि केवल निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं या इस मामले में राजनीतिक दबाव का भी कोई एंगल है?फिलहाल पुलिस जांच शुरू हो चुकी है और जांच रिपोर्ट के बाद ही तस्वीर साफ होगी। लेकिन बस्तूरी की जुआ कार्रवाई अब पुलिस कार्रवाई से आगे बढ़कर दतिया की सियासत में चर्चा का मुद्दा जरूर बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here