छतरपुर। शुक्रवार को मातगुवां थाना क्षेत्र के रनगुवा गांव में दर्दनाक हादसा सामने आया। तलैया में नहाने गए 12 वर्षीय किशोर और 23 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद गांव में मातम का माहौल है।प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे रनगुवा निवासी किशन बंसल (23) पिता नत्थू बंसल और भरमजीत बंसल (12) पिता भगवानदास अपने दोस्तों के साथ राजू तलैया में नहाने गए थे। इसी दौरान दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।बताया जा रहा है कि तालाब में नहाने के दौरान तैरने की रेस की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस के अनुसार, 12 वर्षीय किशोर को डूबता देख उसे बचाने के प्रयास में 23 वर्षीय युवक भी पानी में उतर गया और दोनों डूब गए।हादसे की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। CSP अरुण कुमार सोनी ने बताया कि 12 वर्षीय किशोर को बचाने के प्रयास में युवक भी डूब गया, जिससे दोनों की मौत हुई है। दोनों शवों का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले में विवेचना की जा रही है।
बाइट, अरुण कुमार सोनी CSP


