सिवनी जिले के कुरई थाना क्षेत्र के ग्राम सतोसा में मक्के के खेत से 30 सितंबर को मिले अज्ञात युवती के शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पुलिस ने हत्या के आरोप में मृतिका की मां सुनीता उईके और मामा अनिल धुर्वे को रविवार दोपहर गिरफ्तार किया है।मृतिका की पहचान 22 वर्षीय मुस्कान उईके के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, घर में मोबाइल पर किसी से बातचीत करने को लेकर हुए विवाद के बाद उसकी गला दबाकर और जमीन पर पटककर हत्या की गई थी।जानकारी के अनुसार, 30 सितंबर को सतोसा गांव के मक्के के खेत में महिला का शव संदिग्ध हालत में पड़ा मिला था। शरीर पर चोटों के निशान के साथ विद्युत करंट से झुलसने के निशान भी मिले थे। शव की पहचान नहीं होने पर कुरई पुलिस ने आसपास के गांवों, रिसॉर्ट और अन्य स्थानों पर जानकारी जुटाना शुरू किया। इस दौरान पुलिस को पता चला कि सतोसा निवासी मुस्कान उईके आवरघनी स्थित रामधाम रिसॉर्ट में काम करती थी और 28 सितंबर की शाम काम पर जाने के बाद वापस नहीं लौटी थी।पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क किया। फोटो, कपड़ों और हुलिए के आधार पर उसकी मां सुनीता उईके ने शव की पहचान अपनी बेटी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाते हुए परिजनों से पूछताछ की और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर मां व मामा को हिरासत में लिया।पूछताछ में सामने आया कि 28 सितंबर की रात मुस्कान मोबाइल पर काफी देर तक किसी व्यक्ति से बात कर रही थी। परिजनों द्वारा बातचीत करने से मना करने पर विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान सुनीता और अनिल ने मुस्कान का गला दबाया और जमीन पर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।हत्या के बाद घटना को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव पर लोहे की रॉड और तार के जरिए बिजली का करंट लगाया गया। इसके बाद शव को मक्के के खेत में ले जाकर फेंक दिया गया।पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कुरई थाने में अपराध क्रमांक 442/2026 के तहत बीएनएस की धारा 103(1), 238(a) और 3(5) में मामला दर्ज किया है। मामले में पुलिस द्वारा अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है। कार्रवाई में कुरई और बरघाट पुलिस के साथ साइबर सेल की टीम की भी भूमिका रही।


