नर्मदापुरम – जिले के सिवनी मालवा स्थित नर्मदा नदी के सभी घाटों पर 50 सदस्यी टीम ने आज सुबह पांच बजे से अवैध रेत उत्खनन को लेकर छापामार कार्यवाही की। इस दौरान टीम ने पनडुब्बियां एवं मोटरबोट को जप्त किया है। आज की कार्यवाही से अवैध उत्खनन के कार्य में लगे लोगों में प्रशासन की कार्यवाही से हड़कंप मचा हुआ है।
आज की सिवनी मालवा की कार्यवाही को लेकर जिला खनिज अधिकारी देवेश मरकाम ने बताया कि जिला प्रशासन द्वारा अवैध उत्खनन के विरुद्ध पूर्व में भी लगातार सख्त कार्रवाई की गई है। पिछले दिनों भी राजस्व , खनिज एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सिवनीमालवा क्षेत्र में कार्यवाही करते हुए अवैध उत्खनन में लगी 5 पनडुब्बियां, 6 से अधिक मोटरबोट तथा अवैध उत्खनन में संलिप्त डंपर, जेसीबी एवं ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए थे।
इस पतरह विगत 15 दिनों के अंदर अवैध उत्खनन में संलिप्त 25 से अधिक वाहनों को जब्त किया जा चुका है। आज की कार्यवाही में राजस्व, खनिज एवं पुलिस की 50 सदस्यी टीम ने सिवनी मालवा नर्मदा नदी के घाटों पर सुबह 5 बजे दबिश दी जहां अवैध रेत के उत्खनन में लगी 7 पनडुब्बियां और 7 मोटरबोट जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में थाने में खड़ा कराया गया है। आगे की कार्यवाही खनिज विभाग द्वारा की जा रही है।


