छतरपुर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के विरोध और उनके पुतला दहन की घटनाओं के खिलाफ अब उनके समर्थक, सेवादार और सनातनी खुलकर सामने आ गए हैं। गुरूवार को बड़ी संख्या में बागेश्वर धाम मंडल के सदस्यों और सेवादारों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि सोशल मीडिया पर महाराज के खिलाफ गलत बयानबाजी और असभ्य सामग्री परोसने पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा हाल ही में छत्रसाल चौक पर पुतला दहन करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध सख्त एफआईआर दर्ज की जाए। ज्ञापन सौंपने पहुंचे सेवादारों ने स्पष्ट किया कि पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के साथ-साथ गरीब कन्याओं के विवाह, कैंसर अस्पताल के निर्माण और अन्नपूर्णा भंडारे जैसे तमाम लोकहित के कार्य कर रहे हैं। हाल ही में एक कथा के दौरान उनके द्वारा भगवान कृष्ण के प्रसंग का उल्लेख किया गया था, जिसे कुछ लोगों ने गलत तरीके से पेश कर विवाद खड़ा किया और विरोधस्वरूप पुतला दहन किया। सेवादारों ने चेतावनी दी है कि सनातन धर्म और संतों के खिलाफ इस तरह की अनर्गल बयानबाजी और माहौल बिगाडऩे का प्रयास करने वालों पर पुलिस प्रशासन यदि सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं करता है, तो विरोध और बढ़ सकता है।


