इंदौर में ई-रिक्शा चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का संयोगितागंज पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के 7 ई-रिक्शा और 69 बैटरियां बरामद की हैं। जब्त किए गए चोरी के माल की कुल कीमत करीब 13 लाख 90 हजार रुपए बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने इंदौर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ई-रिक्शा चोरी की 12 वारदातों को अंजाम देना कबूल किया है। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उज्ज्वल चौरसिया और नरोत्तम चौहान के रूप में हुई है। दोनों आरोपी शहर में ई-रिक्शा को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों के चोरी करने का तरीका भी काफी शातिराना था। वे पहले सुनसान स्थानों पर खड़े ई-रिक्शा को निशाना बनाते और मौका मिलते ही उन्हें चोरी कर ले जाते थे। इसके बाद ई-रिक्शा में लगी बैटरियों को निकालकर अलग-अलग जगहों पर बेच देते थे। बैटरियां निकालने के बाद चोरी किए गए ई-रिक्शा को किसी सुनसान जगह पर छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो जाते थे। इस तरीके से वे चोरी की वारदातों को अंजाम देने के बाद पुलिस की नजरों से बचने का प्रयास करते थे। लगातार ई-रिक्शा चोरी की शिकायतें सामने आने के बाद संयोगितागंज पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की थी। जांच के दौरान पुलिस ने अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया। इसी दौरान पुलिस को आरोपियों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर उज्ज्वल चौरसिया और नरोत्तम चौहान को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 7 ई-रिक्शा और 69 बैटरियां बरामद की हैं। फिलहाल दोनों आरोपियों से अन्य चोरी की वारदातों और गिरोह से जुड़े संभावित लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि पूछताछ में चोरी की कुछ अन्य घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।
बाइट – नीति दंडोतिया , एसीपी , इंदौर


