Raipur News In Hindi : FIR on eight people including husband of former mayor who returned from Delhi-Srinagar | दिल्ली-श्रीनगर से लौटे पूर्व महापौर के पति सहित आठ लोगों पर एफआईआर

  • बढ़ाई सख्ती: 40 वार्डों में 3 घंटे की पेट्रोलिंग, चौराहों पर बैठे युवाओं को भगाया, 10 गाड़ियां जब्त
  • संक्रमण का भयंकर खतरा होने के बावजूद लोग लापरवाही कर रहे हैं, समाज को खतरे में डाल रहे

दैनिक भास्कर

Apr 01, 2020, 02:12 PM IST

धमतरी. कोरोना संक्रमण का भयंकर खतरा होने के बावजूद लोग लापरवाही कर रहे हैं। अपने साथ ही पूरे समाज को खतरे में डाल रहे हैं। ऐसे ही दिल्ली, श्रीनगर सहित अन्य शहरों से घूमकर लौटे 8 लोगों पर केस दर्ज किया गया है। इनमें पूर्व महापौर अर्चना चौबे के पति शरद चौबे सहित कांग्रेस नेता व व्यापारी हैं। यह सभी जम्मू-काश्मीर, दिल्ली व आसपास के अन्य स्थानों से घूमकर 15 मार्च को लौटे हैं। इन सभी ने बाहर से आने की जानकारी छिपाई थी। इन सभी पर महामारी अधिनियम लागू होने के बाद भी बाहर से आने की जानकारी छिपाने के कारण धारा 188 के तहत केस दर्ज किया है। यह केस सीएमएचओ की रिपोर्ट पर किया गया है। 
जानकारी के मुताबिक मंगलवार रात सीएमएचओ डॉ. डीके तुर्रे को सूचना मिली की शहर के 8 व्यापारी दिल्ली, श्रीनगर और कुछ अन्य शहर से घूमकर बीते 15 मार्च को धमतरी लौटे थे। इसकी सूचना न तो प्रशासन को दी, न स्वास्थ्य जांच कराई है। यह जानकारी पुख्ता होने के बाद सीएमएचओ डॉ. तुर्रे रात करीब 10 बजे कोतवाली थाना जाकर सभी 8 लोगों के खिलाफ एफआईआर करने शिकायत की। इसके बाद केस दर्ज किया गया। 

पुलिस ने पहले नेताओं को बचाया विरोध के बाद अगले दिन केस

जानकारी के मुताबिक आरोपियों में पूर्व महापौर अर्चना चौबे के पति शरद चौबे और कन्हैया खत्री भी शामिल थे। शिकायत में इनका भी नाम था। इन दोनों ने अपनी पहुंच बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाया और केस से नाम हटवा लिया। सोमवार रात 10 बजे केवल 6 लोगों पर एफआईआर हुई। इसकी जानकारी अन्य आरोपियों को लगी तो उन्होंने इसका विरोध किया। साथ ही सीएम से शिकायत करने की बात कही। इसके बाद पुलिस ने मंगलवार शाम को अन्य दो शरद चौबे व कन्हैया खत्री पर भी केस किया है। आरोपियों में रत्नाबांधा निवासी कांग्रेस नेता अर्जुन लखवानी, पूर्व महापौर के पति शरद चौबे, सुरेश अठवानी, गोलबाजार निवासी अशोक मुंजवानी, बांसपारा निवासी ईश्वर लालवानी, कन्हैया खत्री, आमापारा के नरेंद्र होतवानी व पुराना बस स्टैंड के अशोक डोडवानी शामिल हैं। 

चौराहों पर बैठ रहे युवाओं को पुलिस ने दी हिदायत, 10 गाड़ियां जब्त

सोमवार रात पुलिस अफसरों ने शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में पेट्रोलिंग की। चौराहों पर बैठे युवाओं को अंदर जाने की हिदायत दी। अब यह पेट्रोलिंग रोज रात में की जाएगी। जानकारी के मुताबिक एएसपी मनीषा ठाकुर के साथ टीम रात करीब 10 बजे शहर में बाइक और एक्टिवा से निकली। घड़ी चौक से पेट्रोलिंग शुरू हुई। बालक चौक, आमापारा, साल्हेवारपारा, कोष्टापारा, जालमपुर, दानीटोला, महिमासागर पारा, विंध्यवासिनी वार्ड, मराठापारा, बांसपारा, ब्राह्मणपारा, सोरिद, हटकेशर सहित शहर के सभी 40 वार्डों में गए। अफसरों की टीम ने करीब 3 घंटे पेट्रोलिंग की। चौराहों पर झुंड लगाकर बैठे युवाओं को हिदायत दी। करीब 10 गाड़ियां जब्त कर यातायात चौकी भेजा। 

पुलिस से उलझे तो 1 साल की सजा 
एएसपी मनीषा ठाकुर ने बताया कि लॉकडाउन का पालन नहीं करने वालों पर महामारी अधिनियम 1897 के उल्लंघन का केस दर्ज हो रहा है। यह आईपीसी की धारा-188 के तहत दंडनीय अपराध है। इसे तोड़ने वालों को 6 महीने तक की जेल या 1 हजार जुर्माना या दोनों सजाएं साथ हो सकती हैं। इस कानून के तहत पुलिस से बहस करने व उलझने पर एक साल की कैद का प्रावधान किया गया है। इसके साथ अफवाह फैलाने पर एक साल की सजा है। 

भखारा में 17 और बिरेझर में 64 लोगों को रोका
भखारा पुलिस ने सिलघट के पास चेकपोस्ट बनाया है। जांच के दौरान विशाखापट्नम से 2 निजी गाड़ी में करीब 17 राजस्थानी वापस राजस्थान लौट रहे थे। पुलिस ने सभी को रोककर उन्हें हाईस्कूल में ठहराया है। इनमें 3 महिला, 2 बच्चे व 12 पुरुष शामिल हैं। इसी तरह बिरेझर पुलिस ने शनिवार को उमरकोट ओडिशा से ट्रक में सवार होकर हरियाणा, राजस्थान के 64 मजदूरों को कचना के पास रोका। सभी को हाईस्कूल में ठहराया गया है। 

आप सूचना दें, गोपनीय रहेंगी जानकारी 
कोरोना वायरस के संक्रमण नियंत्रण एवं रोकथाम के लिए दूसरे राज्य और जिले से लौटने पर सूचना जिला प्रशासन एवं नजदीकी पुलिस थाना को देने का आदेश जिला दंडाधिकारी ने जारी किया है। ऐसे लोगों की सूचना देने के लिए हेल्पलाइन नंबर 104, 07722-238479 या फिर नजदीकी पुलिस थाने को दी जाए। ऐसे नहीं करने पर आदेशों का उल्लंघन पर सीधे केस होगा। 

राहत की बात.. 7 सैंपल निगेटिव, 2 भेजे 
सीएमएचओ डॉ. डीके तुर्रे ने बताया कि विदेश से लौटे 7 लोगों के सैंपल 30 मार्च को जांच के लिए रायपुर एम्स भेजे थे। सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई है। विदेश से लौटे शहर के 2 और लोगों का सैंपल मंगलवार को रायपुर एम्स जांच के लिए भेजा है। होम आइसोलेशन की संख्या 1750 हो गई हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम होम आइसोलेशन में रह रहे लोगों की निगरानी कर रही हैं। इनकी जांच की जा रही है। इसके लिए पुलिस से भी मदद ली जा रही है।


Source link

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here