- आगरा में कोरोना वायरस के कुल 389 मामले
- उत्तर प्रदेश में कोरोना से अब तक 31 लोगों की मौत
देश में महामारी कोरोना वायरस के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं. अब तक 28 हजार से ज्यादा केस सामने आ चुके हैं, जबकि 886 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, उत्तर प्रदेश में कोरोना के 113 नए केस सामने आए. यहां पर कोरोना के कुल 1986 मामले हो गए हैं. सूबे में 1986 मामले में से 1089 तबलीगी जमात से जुड़े हुए हैं.
उत्तर प्रदेश में अब तक 399 मरीज ठीक होकर अपने घरों को लौट चुके हैं. सोमवार को 72 मरीजों को अस्पतालों से छुट्टी मिली. प्रदेश में कोरोना वायरस से 31 लोगों की जान जा चुकी है. बस्ती, वाराणसी, बुलंदशहर और लखनऊ में 1-1 मौत हुई है. मेरठ में 5, मुरादाबाद में 6, फिरोजोबाद में 1, आगरा में 10, कानपुर में 3 और अलीगढ़ में एक शख्स की जान कोरोना के कारण गई है.
कोरोना पर फुल कवरेज के लिए यहां क्लिक करें
यूपी में कोरोना का केंद्र बन चुके आगरा में 389 मामले हैं. यहां पर 8 नए केस सामने आए. आगरा में अब तक 54 मरीजों की इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी भी मिल चुकी है. वहीं, कानपुर में 197, लखनऊ में 196, सहारनपुर में 181 और दिल्ली से सटे नोएडा में 133 केस हैं. राज्य सरकार के मुताबिक, सूबे में कोरोना के कुल 1556 एक्टिव मामले हैं.
आगरा से राहत की खबर
आगरा में महामारी कोरोना वायरस के लगातार बढ़ रहे खतरे के बीच एक राहत देने वाली खबर भी आई. कोरोना पॉजिटिव पाई गई एक महिला ने बच्चे को जन्म दिया है. कोरोना पीड़ित गर्भवती महिला को बुखार आने के बाद एसएन मेडिकल कॉलेज में में भर्ती कराया गया था. जांच में महिला कोरोना पॉजिटिव पाई गई थी.
कोरोना कमांडोज़ का हौसला बढ़ाएं और उन्हें शुक्रिया कहें…
महिला का एसएन मेडिकल कॉलेज के कोविड-19 हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था. महिला को लेबर पेन शुरू हुआ तो मेडिकल कॉलेज की 3 जूनियर रेजिडेंट डॉक्टर ने पीपीई किट पहनकर महिला की सफल डिलीवरी कराई. महिला ने शनिवार को स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है.

