मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने राहुल गांधी को चिट्ठी लिख कांग्रेस की कमान दोबारा अपने हाथ में लेने की अपील की.
छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल (CM Bhupesh Baghel) ने 4 राज्यों के विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की प्रभावी भूमिकाओं का जिक्र करते हुए उनसे पार्टी की कमान दोबारा अपने हाथों में लेने की अपील की है.
पार्टी में असहमतियों पर भी हमला
छत्तीगढ़ के सीएम भूपेश बघेल ने कांग्रेस पार्टी के भीतर कुछ नेताओं द्वारा गांधी परिवार से इतर दूसरे नेता को पार्टी की कमान सौंपने पर भी अपनी बात रखी है. राहुल गांधी को लिखे पत्र में बघेल ने कहा है, ‘वर्तमान में भी पार्टी के अंदर कुछ नेताओं द्वारा सार्वजनिक रूप से वैचारिक असहमति की चर्चा आरंभ की गई है. मेरा सभी पार्टी जनों से अनुरोध है कि चुनौती की इस घड़ी में पार्टी में एकजुटता बनाए रखें. कांग्रेस की हमेशा यह परंपरा रही है कि पार्टी में विभिन्न स्तरों पर हर मुद्दे पर विस्तृत चर्चा कर लोकतांत्रिक पद्धति से ही निर्णय लिए जाते रहे हैं.’
हर चुनौती में हमारे लिए उम्मीद की किरण माननीय सोनिया जी और आदरणीय राहुल जी हैं। हम सभी आपके साथ हैं। छत्तीसगढ़ और देश के करोड़ों कार्यकर्ता और देशवासी आपके साथ हैं।देश जिस संकटपूर्ण दौर से गुज़र रहा है उससे आपके नेतृत्व में ही छुटकारा मिलेगा। pic.twitter.com/kBjdSK5sgU
— Bhupesh Baghel (@bhupeshbaghel) August 23, 2020
विधानसभा चुनावों की दिलाई याद
कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव से पहले सीएम बघेल ने अपनी चिट्ठी में राहुल गांधी के पिछले कुछ वर्षों में विभिन्न राज्यों के विधानसभा चुनाव में किए गए प्रदर्शनों की भी याद दिलाई है. उन्होंने अपने पत्र में गुजरात, एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान विधानसभा चुनावों में राहुल गांधी की प्रभावी भूमिकाओं की सराहना करते हुए उन्हें दोबारा कांग्रेस की कमान थामने की अपील की है. साथ ही मौजूदा हालात को देखते हुए उपस्थित चुनौतियों में सोनिया गांधी और राहुल गांधी को उम्मीद की किरण बताया है. सीएम बघेल ने अपने पत्र में कहा है, ‘देश को वर्तमान संकट की स्थिति से उबारने में सोनिया जी और राहुल जी ही एकमात्र आशा की किरण दिखाई देते हैं.’

