इस्लामाबाद: पाकिस्तानी सेना के पूर्व जनरल असीम सलीम बाजवा (Asim Saleem Bajwa) के भ्रष्टाचार का खुलासा करने वाले पत्रकार अहमद नूरानी (Ahmad Noorani) को जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं. नूरानी ने ट्वीट करके इसकी जानकारी दी है. पत्रकार नूरानी ने अपने ट्वीट में कहा है कि उन्हें पिछले कुछ घंटों में 100 से ज्यादा मैसेज आए हैं जिसमें मुझे और मेरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई है. नूरानी ने हाल ही में पूर्व जनरल को लेकर कई चौंकाने वाले खुलासे किये थे. उन्होंने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि बाजवा परिवार का कारोबार कई देशों में फैला हुआ है. इस खुलासे के बाद पाकिस्तानी सरकार और सेना में खलबली मच गई थी.
During last few hours, i hav received more than 100 such mesgs informing that i wil b killed along with my children. I know about these accounts. Though FIA & its Cyber Crimes Wing always stood with criminals but upon my return to Pakistan after few days i wil move FIA once again pic.twitter.com/PMuHLRKFmN
— Ahmad Noorani (@Ahmad_Noorani) August 30, 2020
अहमद नूरानी ने कहा कि वे धमकियां देने वाले अकाउंट्स के बारे में जानते हैं. उन्होंने आगे कहा कि पाकिस्तान की फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी और साइबर क्राइम विंग हमेशा इन अपराधियों के साथ खड़ी रही है. फिर भी कुछ दिनों बाद पाकिस्तान लौटने पर मैं फेडरल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी के पास जाऊंगा.
चीन और इमरान के करीबी
बाजवा को चीन और पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान का करीबी माना जाता है. यही वजह है कि रिटायर होने के बाद उन्हें चीन-पाकिस्तान इकोनॉमिक कॉरिडोर (CPEC) का चेयरमैन नियुक्त किया गया. इसके अलावा, वह प्रधानमंत्री के विशेष सहायक की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं. मालूम हो कि चीन CPEC के जरिये पाकिस्तान में अरबों डॉलर का निवेश कर रहा है.
सेना में रहते खूब पैसा कमाया
अपनी रिपोर्ट में नूरानी ने बताया है कि पूर्व जनरल असीम सलीम बाजवा ने सेना में रहने के दौरान खूब पैसा कमाया. उनके परिवार के पास 133 रेस्टोरेंट और 99 कंपनियां हैं. इतना ही नहीं, उनका कारोबार कई देशों में फैला हुआ है. बाजवा के छोटे भाइयों ने 2002 में अपना पहला पिज्जा रेस्तरां खोला था और इसी साल उन्होंने लेफ्टिनेंट कर्नल के रूप में जनरल परवेज मुशर्रफ के लिए काम शुरू किया था. किसी जमाने में उनके भाई नदीम बाजवा पिज्जा रेस्टोरेंट में डिलीवरी बॉय थे. आज नदीम और असीम बाजवा की पत्नी 99 कंपनियों के मालिक हैं. बाजवा परिवार के पास पिज्जा कंपनी के 133 रेस्टोरेंट हैं, जिनकी कीमत करीब 4 करोड़ डॉलर है. इन 99 कंपनियों में 66 मुख्य कंपनियां हैं जबकि 33 ब्रांच कंपनियां हैं.
तथ्यों के साथ खुलासा
रिपोर्ट के अनुसार, बाजवा परिवार ने उनके जनरल रहते हुए $52.2 मिलियन अपने बिजनेस को विकसित करने में खर्च किया था. साथ ही अमेरिका में $14.5 मिलियन की संपत्ति खरीदी थी. अपनी इस रिपोर्ट में पत्रकार अहमद नूरानी ने तथ्तों के साथ पाकिस्तानी सेना के पूर्व जनरल असीम सलीम बाजवा के भ्रष्टाचार का खुलासा किया है. यही वजह है कि अब उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं.
LIVE टीवी:

