संस्कृति मंत्री सुश्री ठाकुर ने किया जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन
भोपाल : सोमवार, सितम्बर 14, 2020, 20:25 IST

संस्कृति, पर्यटन एवं आध्यात्म मंत्री सुश्री उषा ठाकुर ने आज भोपाल स्थित जनजातीय संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने सभी दीर्घाओं, परिसर, चित्र प्रदर्शनी, चिन्हारी शॉप, पुस्तकालय ‘लिखंदरा’ का अवलोकन किया।
मंत्री सुश्री ठाकुर ने संग्रहालय के कर्मचारियों-अधिकारियों और आगंतुकों को सोशल डिस्टेंसिंग तथा मास्क पहनने के साथ-साथ केमिकल युक्त सेनेटाइजर के स्थान पर नमक-पानी और नीम के पत्तों के पानी का उपयोग करने को कहा। उन्होंने कहा कि संग्रहालय प्रदेश की समृद्ध परंपरा को दर्शाता है। कोविड-19 की चुनौतियों का सामना करते हुए हमें अपने मौलिक जीवन में लौटना ही होगा। संस्कृति विभाग संपूर्ण आत्मीयता और चैतन्यता के साथ भारत की विराट और समृद्ध परंपरा के संरक्षण में संलग्न है।
संचालक संस्कृति श्री अदिति कुमार त्रिपाठी, संग्रहालय अध्यक्ष श्री अशोक मिश्र, निदेशक श्री अनिल कुमार और वरिष्ठ अधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।
सुनीता दुबे
Source link


