मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों के साथ वर्चुअल बैठक कर दीपावली सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर विशेष निर्देश दिए।मुख्यमंत्री ने दीपावली पर शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने, अवैध और प्रतिबंधित पटाखों की बिक्री व उपयोग पर रोक लगाने तथा कार्बाइड गन और कार्बाइड लैंप के इस्तेमाल पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। साथ ही छोटे दुकानदारों को तहबाजारी से छूट देने को कहा।मुख्यमंत्री ने 9 नवंबर को प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा आयोजित करने, किसानों को खाद-उर्वरक की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और सामान्य वर्षा वाले 12 जिलों में आनावारी के आंकड़े आने के बाद शीघ्र सर्वे कर पात्र किसानों को नियमानुसार राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए।इसके अलावा धनतेरस के दिन अधिक से अधिक गांवों में मुख्यमंत्री रजिस्ट्री योजना के तहत शत-प्रतिशत रजिस्ट्री कराने का प्रयास करने को कहा। मुख्यमंत्री ने अवैध शराब के निर्माण, उपयोग और परिवहन पर सख्त कार्रवाई करने के साथ ही सभी जिलों में नशामुक्ति एवं पुनर्वास केंद्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए।


