येरुशलम: इजरायल ने उन 14 हमास कमांडरों की लिस्ट जारी की है, जिन्होंने पिछले कुछ दिनों से पूरे देश की नाक में दम कर रखा था. लेकिन इजरायल ने साथ ही ये भी कहा है कि अब इनमें से कोई भी इजरायल की नाक में दम नहीं कर सकता. क्योंकि इजरायली सुरक्षा बलों ने उन्हें ढेर कर दिया है.
इजरायल ने जारी की तस्वीरें
इजरायल ने जिन हमास कमांडरों और ऑपरेटिव्स को ढेर किया है, उनकी बाकायदा तस्वीरें जारी की है. साथ ही ये भी कहा है कि हमास के ये कमांडर अब इजरायल के लिए कोई खतरा नहीं रह गए हैं, क्योंकि इजरायल डिफेंस फोर्स ने उन्हें ‘न्यूट्रिलाइज्ड’ कर दिया है.
65 फिलीस्तीनी गवां चुके हैं इजरायली हमले में जान
इस बीच, गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि गाजा में 16 बच्चों और पांच महिलाओं सहित मरने वालों की संख्या बढ़कर 65 तक पहुंच गई है. जबकि 86 बच्चों और 39 महिलाओं सहित कम से कम 365 लोग घायल हुए हैं.
हमास का City Commander भी ढेर
इजरायल के हवाई हमले में उग्रवादी संगठन हमास का गाजा सिटी कमांडर मारा गया है. हमास ने इसकी पुष्टि की है. रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि 2014 में गाजा की जंग के बाद से बुधवार के हमले में मारा जाने वाला बसम ईसा (Bassem Issa) हमास का अब तक का सबसे बड़ा अधिकारी था. उधर, इजरायल के रक्षा मंत्री बेनी गैंट्स ने साफ कर दिया है कि हमले बंद नहीं होंगे. उन्होंने कहा कि हमारी सेना के गाजा पट्टी और फिलिस्तीन में हमले बंद नहीं होंगे. हम अब तब तक रुकने को तैयार नहीं हैं, जब तक दुश्मन को पूरी तरह शांत नहीं कर देते. इसके बाद ही अमन बहाली पर कोई बात होगी.

